मुआवजा की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर तहसील के अंतर्गत बिलकेदार से जनासू तक रेलवे लाइन निर्माण में लगे भारी वाहनों के कारण खस्ताहाल हुई सड़क के निर्माण एवं धूल प्रदूषण से परेशान लोगों को मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। मंगलवार को धरना प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि मोटर मार्ग की खस्ताहाल स्थिति ठीक नहीं हो जाती है तथा अन्य मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की सुध न लिए जाने पर भी गहरी नाराजगी जताई। तल्ला धनचड़ा में जन प्रगतिशील मंच के बैनर तले ग्रामीणेां ने जनासू एवं मरगुण तक सड़क एवं नाली निर्माण व स्ट्रीट लगाए लगाए जाने, विंदला गदेरा पर नगर पालिका श्रीनगर द्वारा बनाए गए डंपिंग जोन के चारों ओर बिखरे कूड़े का निस्तारण कराए जाने व पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन किया। मंच के अध्यक्ष संदीप सिंह रावत ने कहा कि रेलवे लाइन में लगी एलएनटी कंपनी एवं रेलवे के भारी वाहनों से सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर गड्ढे पड़े होने से स्थानीय लोगों को कई भारी दिक्कतें हो रही हैं। कहा कई बार प्रशासन व कंपनी द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो रही है। जिसके कारण उन्हें आंदेालन के लिए विवश होना पड़ रहा है। संदीप ने कहा पीडब्लूडी व रेलवे के अधिकारी मौके पर आकर कोरे आश्वासन दे रहे हैं। जिसका ग्रामीणों द्वारा कड़ा विरोध किया गया है। धरने प्रदर्शन में मंच के सचिव महिपाल सिंह चौहान, बीपेंद्र सिंह बिष्ट, वीरेद्र सिंह लिंगवाल, हर्षमणि कृतवाल, शशि भट्ट, नीरज सेमवाल, भवानी रावत, धर्मवीर बुटोला, सरोजनी नेगी, कविता लिंगवाल, विमला भंडारी, गजपाल रावत, मनमोहन सजवाण, शंकर सिंह रावत, यशपाल सिंह भंडारी, कुंवर सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

