NATIONALTRENDING NEWS

बीच आसमान में खराब हुई स्पाइसजेट की फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर करानी पड़ी लैंडिंग

नई दिल्ली 

स्पाइसजेट एयरलाइंस बीते कुछ महीनों से सुर्खियों में है। इस बीच खबर आ रही है कि नासिक जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान गुरुवार सुबह उड़ान भरने के तुरंत बाद ऑटोपायलट सिस्टम में खराबी के कारण दिल्ली लौट आई। डीजीसीए के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-8363 दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह 6रू54 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन ऑटोपायलट में खराबी आने के बाद उसे वापस राष्ट्रीय राजधानी की ओर मोड़ दिया गया। अधिकारी ने बताया कि विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया है। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, “एक सितंबर, 2022 को स्पाइसजेट बी737 विमान दिल्ली से नासिक के लिए उड़ान भरने वाला था। फ्लाइट क्रू के ऑटोपायलट सिस्टम में खराबी का अनुभव होने के बाद वापस दिल्ली लौट आया। विमान ने दिल्ली में सामान्य लैंडिंग की और यात्रियों को सामान्य रूप से उतारा गया।” आपको बता दें कि हाल के महीनों में स्पाइसजेट के विमानों में खराबी की कई घटना सामने आ चुकी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के आदेशों के अनुसार, स्पाइसजेट वर्तमान में अपनी 50 प्रतिशत से अधिक उड़ानों का संचालन नहीं कर रही है। डीजीसीआई ने जुलाई में एयरलाइन की उड़ानों पर आठ सप्ताह की अवधि के लिए प्रतिबंध लगाया था। 19 जून से 5 जुलाई के बीच तकनीकी खराबी की कम से कम आठ से अधिक मामले सामने आए थे।