HARIDWAR

एनएसयूआई ने की वैक्सीनेशन में छात्रों को प्राथमिकता दिए जाने की मांग

हरिद्वार

एनएसयूआई ने वैक्सीनेशन में छात्रों को प्राथमिकता दिए जाने की मांग की है। एनएसयूआई के शहर महासचिव याज्ञिक वर्मा ने प्रैस क्लब में प्रैसवार्ता के दौरान कहा कि एनएसयूआई की और से वैक्सीनेशन में छात्रों को प्राथमिकता दिए जाने के लिए पूरे देश में मुहिम चलायी जा रही है। याज्ञिक वर्मा ने बताया कि देश भर में लाखों छात्रा विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होते हैं। लेकिन कोविड के खतरे के बावजूद सभी छात्रों के बिना वैक्सीनशेन के ही परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। बिना टीकाकरण के परीक्षाएं कराकर सरकार छात्रों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। परीक्षाओं के आयोजन से पहले सभी छात्रों का प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को कोविड के जोखिम से बचाने के लिए सरकार को छात्रों के टीकाकरण के लिए योजना बनानी चाहिए और सभी छात्रों का टीकाकरण करना चाहिए। जिससे छात्रों को कोविड के खतरे से बचाया जा सके। याज्ञिक वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते देश में टीकों की भारी कमी है। लेकिन सरकार देशवासियों को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराने के बजाए जनता का पैसा पीएम के प्रचार पर खर्च कर रही है। सरकार की लापरवाही की वजह से कोरोना की दूसरी लहर में लाखों लोगों की जान चली गयी। अब सभी छात्रों का टीकाकरण किए बिना ही परीक्षाओं का आयोजन कर कोविड की अगली लहर को आमंत्रण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई सरकार को छात्रों के जीवन से खिलवाड़ नहीं करने देगी। इस दौरान कई एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।