जनजागरण से ही होगा नशे का खात्माः रघुनाथ सिंह नेगी
देहरादून
नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान की कड़ी में ग्राम ढकरानी में आयोजित कार्यक्रम में नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं व महिलाओं के साथ-साथ जागरूक ग्रामवासियों के बीच पहुंचकर जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कार्यशाला आयोजित करने के मामले में ग्राम ढकरानी के गयूर का विशेष तौर पर आभार प्रकट किया। और कहा कि जनजागरण से ही नशे का खात्मा होगा। इस अवसर पर नेगी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जिस तेजी से युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं तथा नित नए-नए नशे का सेवन कर रहे हैं निश्चित तौर पर परिवार व समाज को खोखला करने के लिए अभिशाप साबित हो रहे हैं। शुरुआती दौर में दो-चार युवाओं ने इसका सेवन किया तथा देखा-देखी कई युवा इसकी गिरफ्त में आए और फिर एक दूसरे का अनुसरण कर इस व्यापार में महिलाएं तक शामिल हो गई। नेगी ने कहा कि आकंठ नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं के लिए फिर से नई शुरुआत करने के लिए मोर्चा हर संभव प्रयास कर स्वास्थ्य विभाग, शासन, प्रशासन से मदद लेगा, जिससे इनका समुचित इलाज हो सके एवं ये लोग फिर से नई शुरुआत कर मुख्यधारा में जुड़ सकें। इस अवसर पर मोर्चा के नेता दिलबाग सिंह व बीडीसी सदस्य इश्तियाक अली ने संयुक्त रूप से कहा कि इस कारोबार से कुछ लोगों ने थोड़ा बहुत पैसा इकट्ठा कर अपना मकान, कारोबार खड़ा किया तथा उनके ठाट-बाट देख कर अन्य युवाओं ने भी इस नशे को अपना कारोबार बनाया, फिर इसका सेवन करने लगे और फिर बर्बाद हो गए। इस अवसर पर जन जागरण अभियान में मोहम्मद अली, गफूर अहमद, इमाम रहमान अली, हाफिज जमील, इमरान मुकर्रम आदि उपस्थित थे।

