Uncategorized

बाइक सवार बदमाशों ने व्यक्ति से फोन छीना

 

 

रुडकी। बाइक सवार बदमाशों ने बाजार जा रहे व्यक्ति का फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी पुलिस खंगालने में जुटी हुई है। आपको बता दें कि इससे पूर्व भी बाइक सवार बदमाश रुडक़ी में अपना कहर बरपा चुके हैं। लेखानगर लालकुर्ती निवासी महिला से चेन छीनने व लोगों से फोन छीनने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। सुभाष नगर निवासी एक व्यक्ति से भी कुछ महीनों पूर्व बाइक सवार बदमाश करीब तीस हजार रुपए से भरा थैला छीनकर फरार हो चुके हैं। बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने पुलिस को खुली चुनौतियां दे रखी है। सुरक्षा व्यवस्था, गश्त और चेकिंग के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के हल्लवाहेडी थाना बहादराबाद निवासी मेहरबान ने बताया कि वह पांच जून को शाम करीब सात बजे किसी काम से मेन बाजार जा रहे थे। नहर पटरी पर कब्रिस्तान के पास इस बीच एक फोन आया। उन्होंने बाइक रोकी और फोन पर बातचीत शुरू कर दी। तभी पीछे से तीन बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे। वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश वहां से फरार हो गए। उन्होंने कुछ दूर तक बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बाइक सवार बदमाश पकड़ में नहीं आ सके। इससे पूर्व भी नहर पटरी की बाई और दाई ओर फोन छीनने की वारदातें हो चुकी है। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

 

डॉ.निशंक की ओर से गरीब परिवारों को खाद्यान्न किट उपलब्ध कराई
रुडकी। हरिद्वार सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की ओर से गरीब परिवारों को राशन की किट का वितरण कराया गया। इसके लिए रविवार को शिविर का आयोजन किया गया। शिशु मंदिर परिसर में रविवार को एक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरिद्वार सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की ओर से गरीब परिवारों को खाद्यान्न किट उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर कृषि उत्पादन मंडी परिषद की अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास चाहती है। कोरोना महामारी के दौरान लोगों के रोजगार पर सीधा प्रभाव पड़ा है। यह बात किसी से छिपी नहीं है लेकिन भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की ओर से गरीब परिवारों को राशन किट का वितरण कराया गया है। साथ ही ऐसे लोगों के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं जो कि इस शिविर में नहीं पहुंच सके तथा उन्हें किट उपलब्ध नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया नारा सबका साथ सबका विकास सार्थक साबित होगा। इस अवसर पर शिविर प्रभारी मंडी समिति अध्यक्ष डॉ मधु सिंह, ऋषिपाल बालियान, अंकित कपूर, नागेश्वर, सरफराज, विनोद कुमार, जल सिंह, अनीस अहमद गौड, अनुज, विपिन, अतुल, सरला आदि मौजूद रहे।

 

 

विद्युत चोरी में 15लोगों के खिलाफ केस दर्ज
रुडकी। ऊर्जा निगम ने बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए 15 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। झबरेड़ा स्थित विद्युत सब स्टेशन के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि ऊर्जा निगम की टीम ने झबरेड़ा, झबरेडी कला, शीतलपुर, मानकपुर, आदमपुर में बिजली चोरी करने वालों खिलाफ कार्रवाई की गई। जिनमें झबरेड़ा निवासी कुलदीप व झबरेडी कला निवासी रफल सिंह पर आरोप है कि विद्युत लाइन पर केबिल डालकर खेत पर नलकूप चलाया जा रहा था। टीम ने मौके पर बिजली चोरी पकड़ी। इसके अलावा झबरेड़ा निवासी अजय, इंतजार और शीतलपुर निवासी मुशर्रफ, शाहिद, रिजवान तथा मानकपुर निवासी सुनील कुमार द्वारा एलटी लाइन पर केबल डालकर बिजली का घरेलू उपयोग किया जा रहा था। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरी ओर बेहड़े की सैदाबाद स्थित विद्युत स्टेशन अवर अभियंता जंबल सिंह ने खाताखेड़ी गांव में सात लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को तहरीर में बताया कि खाता खेड़ी निवासी दिलशाद, इंतजार, जहांगीर हुसैन, इलाही, शमीम अहमद, मुरसलीन, शमीम पर बिजली चोरी कर उपयोग कर रहे थे। विद्युत चोरी में प्रयोग होने वाले केबल भी जब्त कर ली गई। उपखंड अधिकारी विनीत गुप्ता का कहना है कि विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। जो भी विद्युत चोरी करता हुआ पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय तहरीर के आधार पर उक्त के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

 

 

मेयर ने सुनी मोहनपुरावासियों की समस्याएं
रुडकी। नगर निगम ने पानी की निकासी एवं जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिये हैं। निगम क्षेत्र के मोहनपुरा में विगत अनेक वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है तथा पानी की निकासी ना होने के कारण भी मोहनपुरावासी काफी परेशान है। जिसे देखते हुए मेयर गौरव गोयल ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया और समस्याओं को लेकर वार्डवासियों से रूबरू हुए। वार्डवासियों ने मेयर गौरव गोयल को अवगत कराया कि उनके उनके वार्ड में जलभराव की समस्या बड़ी गंभीर है। जल निकासी के लिए बड़ी नालियां नहीं होने से गंदा पानी उनके घरों में प्रवेश कर रहा है। बरसात में हालत और भी खतरनाक हो जाती है। जिसका समाधान तत्काल किया जाए। उन्होंने पक्का नाला बनाने की मांग की। मेयर गौरव गोयल ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी गंभीर समस्या को देखते हुए वे इसे तत्काल समाधान करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जलभराव तथा जल निकासी की समस्या वर्षों पुरानी है,जिसे हल करने में थोड़ा समय लगेगा, किंतु इस दिशा में उनके द्वारा प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद मयंक पाल, भाजपा नेता प्रदीप पाल, धर्मवीर शर्मा, अनिल शर्मा आदि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

 

गौवंश अधिनियम में 5लोगों पर मुकदमा दर्ज
– जंगल से प्रतिबंधित मांस, उपकरण और एक गौ वंश को बरामद किया
रुडकी। भगवानपुर पुलिस ने गौवंश अधिनियम में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को सिकरौढ़ा गांव में गोकशी की सूचना मिली थी। पुलिस ने छापेमारी कर जंगल से प्रतिबंधित मांस, उपकरण और एक गौ वंश को बरामद किया। पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। घाड़ क्षेत्र के गांव सिकरौढा के जंगल में गोकशी की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के काफी प्रयास भी किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मौके से 5 कुंतल गौ मांस और गोकशी करने के उपकरण कुल्हाड़ी, तराजू, लकड़ी का गुटका, अन्य उपकरण बरामद किये। पुलिस ने मांस को सैंपल के लिए भेजने के साथ आरोपियों को चिन्हित करने में लगी है। पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मामले दर्ज कर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक सतीश शाह ने बताया कि काला, मोमिन, कलीम, सलमान व आसिफ निवासी सिकरौढा के खिलाफ गोवंश अधिनियम की धारा खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

 

सडक़ दुर्घटना में मतृ युवक की हुई शिनाख्त
रुडकी। सडक़ दुर्घटना में मारे गए युवक की पहचान हो गई है। युवक मंगलौर के मोहल्ला लालबाड़ा का रहने वाला बताया गया। परिजनों का कहना है कि उसकी मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है क्योंकि वह उस तरफ कभी नहीं जाता था जहां पर दुर्घटना हुई बताई गई है। शुक्रवार की रात मंगलौर देवबंद मार्ग पर गुड़ मंडी के निकट सडक़ दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी काफी प्रयासों के बाद भी उस समय उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। शनिवार दोपहर के बाद युवक की तलाश तेज हुई तथा हुलिए के आधार पर युवक के परिजनों ने शिनाख्त का प्रयास किया तथा वह मोर्चरी पहुंचे जहां पर उन्होंने शव को देखकर उसके शिनाख्त अहबाब उर्फ अमन पुत्र आफताब हुसैन निवासी मोहल्ला लाल बाड़ा जीटी रोड कपूर हॉस्पिटल के निकट मंगलौर के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार शनिवार की देर रात उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। लेकिन इस संबंध में परिजनों का कहना है कि उनके पुत्र की मृत्यु संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर उनके पुत्र की दुर्घटना में मौत हुई है वहां पर जाने का कोई कारण नजर नहीं आता है। फिलहाल परिजनों ने किसी प्रकार की तहरीर पुलिस को नहीं दी है। एसएसआई देवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के कारणों का खुलासा हो जाएगा।

 

 

सार्वजनिक शौचालय में 10दिन से पानी की आपूर्ति ठप
रुडकी। रुडक़ी नगर निगम क्षेत्र में बने सार्वजनिक शौचालय में पिछले दस दिन से पानी की आपूर्ति ठप है। जिसके चलते रामनगर बाजार के व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय में पानी की सप्लाई की मांग को लेकर क्षेत्रीय व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। रुडक़ी नगर निगम ने रामनगर बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय बनवाया है। इसका उपयोग रामनगर बाजार के व्यापारियों के साथ ही बाजार आने वाले लोग करते हैं। यहां पिछले दस दिन से पानी नहीं आ रहा है। जिससे व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रामनगर के व्यापारियों ने पानी की आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम और जलसंस्थान के अधिकारी इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द उनकी समस्या का हल करें। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद पंकज सतीजा, रवि अरोड़ा, हरीश चांदना, किशन अरोड़ा, चंद्र कुमार, पवन कुमार, दिनेश कुमार, रविंद्र पुरी, विशाल शर्मा, दिनेश दुआ मौजूद रहे। क्षेत्रीय पार्षद पंकज सतीजा का कहना है कि व्यापारियों की शिकायत के विषय में जलसंस्थान एवं नगर निगम के अधिकारियों को सूचित भी कर दिया है। जलसंस्थान और नगर निगम से कर्मचारी आये जरुर लेकिन समस्या का हल किसी विभाग ने नहीं किया। पार्षद का कहना क्षेत्रीय व्यापारियों की समस्या वर्तमान में भी जस की तस बनी हुई है।

 

 

साली को भगा लाया जीजा
रुडकी। कहते हैं कि जब इश्क सर पर हावी हो जाए तो इंसान रिश्तों को भी तार-तार कर देता है। ऐसा ही एक मामला रुडक़ी में देखने को मिला है। जीजा साली का रिश्ता आगे बढ़ा तो दोनों में मोहब्बत हो गई। जीजा ज्वालापुर पहुंचा और साली को भगा लाया। हालांकि यह प्रेम कहानी ज्यादा दिन टिक नहीं पाई और पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का सरकडी निवासी व्यक्ति का ज्वालापुर निवासी साली से प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी और इस बीच प्यार परवान चढ़ता चला गया। मामला परिजनों तक पहुंचा तो उन्होंने पाबंदी लगानी शुरू कर दी। लेकिन दोनों एक-दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खा चुके थे। छह जुलाई को जीजा बिना बताए घर से चला गया और सीधा ज्वालापुर पहुंचा। वहां पूरी प्लानिंग के तहत साली घर से बाहर मिली। जिसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। जीजा साली के फरार होने पर पूरा मामला रिश्तेदारों तक को पता चला। परिजनों ने कोतवाली में शिकायत की। जिसके बाद दोनों की तलाश शुरू हो गई। रविवार को ज्वालापुर पुलिस को पता चला कि दोनों रुडक़ी क्षेत्र में है। जिसके बाद सूचना गंगनहर पुलिस को दी गई। गंगनहर और ज्वालापुर पुलिस ने दोनों को सरकडी से बरामद कर लिया। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि ज्वालापुर से गुमशुदा युवती को पुलिस अपने साथ ले गई।

 

 

रंजिश के चलते मारपीट
रुडकी। रंजिश के चलते दो युवकों के साथ मारपीट की गई। दोनों युवक किसी प्रकार से जान बचाकर वहां से चले आए। अगले दिन गांव के बाहर से होकर निकल रही नहर में नहा कर बाहर बैठे एक युवक के साथ तीन बाइक सवार युवकों ने अभद्रता की। विरोध करने पर एक आरोपियों ने उस पर फायर झोंक दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव लाठर देवाहुण निवासी अमित कुमार पुत्र मुनेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नौ जुलाई को वह मंगलौर बाग में अपने साथी सागर के साथ आम लेने के लिए गया था। वहां पर कुछ युवक बैठे हुए थे जिन्होंने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी तथा झगड़े पर आमादा हो गए। लेकिन वह किसी प्रकार से अपनी जान बचाकर वहां से निकल लिए थे। आरोप है कि 10 जुलाई की दोपहर के बाद बसवा खेड़ी गांव के बाहर से होकर गुजर रही नहर में वह गर्मी की वजह से नहाने के लिए गया था नहाने के बाद वह सडक़ किनारे बनी सुरक्षा दीवार पर बैठा हुआ था तभी एक बाइक पर तीन लोग वहां पहुंचे तथा उसके साथ गाली गलौज करने लगे तथा उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। पीडि़त का कहना है उसके द्वारा विरोध किया गया तो एक युवक ने तमंचा निकालकर उस पर फायर झोंक दिया जिस पर वह बाल-बाल बच गया। पीडि़त कोतवाली पहुंचा तथा पूरी घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने भी बदमाशों की तलाश में काफी कांबिंग की लेकिन उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है, एक बदमाश की शिनाख्त हुई है। इस संबंध में पीडि़त द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी अंकित पुत्र मांगेराम निवासी बसवा खेड़ी तथा उसके दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसएसआई देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

 

 

बाईक रैली निकाल दिया दलितों को संगठित होने का संदेश
रुडकी। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने रविवार को बुक्कनपर गांव से सुल्तानपुर तक बाइक रैली निकाली। रैली के माध्यम से दलित समाज को संगठित होने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि दलितों को एक मंच पर लाकर उनका हक दिलाने का प्रयास रैली के माध्यम से किया जाएगा। भीम आर्मी के कार्यकर्ता रविवार सुबह लक्सर के बुक्कनपुर गांव में इक_ा हुए। प्रदेश अध्यक्ष मुनिराज शिंदे ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद से दलित समाज को लगातार दबाकर रखा गया है। सत्ता में चाहे कोई भी रहा, पर दलित समुदाय को कभी उनका हक नहीं मिला। कहा कि समाज का वंचित तबका अब भीम आर्मी के साथ खड़ा हो गया है। उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि पूरे प्रदेश में अगर किसी भी दलित भाई के अधिकार का हनन होता है तो वहां भीम आर्मी पुलिस से भी पहले पहुंचकर उनके हक के लिए लड़ाई लड़ते हैं। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सेठपुर से लक्सर नगर और फिर सुल्तानपुर तक बाइक रैली निकाली। रैली में दीपक, अंकुर, मोहित, नरेश, शुभम, लोकेश, रंजीत, मोहन, चंदन, पंकज, अनिल, सोहित, नकुल, कुंज, सोनु, द्रोणेश, शोभित, खली, लालसिंह सहित काफी युवा थे।

 

 

 

युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ
-युवाओं ने विधायक से बात कर अपनी समस्याएं बताई
रुडकी। रविवार को भिक्कमपुर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब बीस गांवों से पहुंचे सौ से अधिक युवाओं ने सीधे अपने विधायक से बात की और अपनी तथा अपने क्षेत्र की समस्याओं को उनके सामने रखा। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। विहिप के पूर्व पदाधिकारी सूर्यकांत बजरंगी की तरफ से रविवार को भिक्कमपुर गांव के एक निजी स्कूल में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने मुख्य अतिथि के तौर पर दीपक जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि युवा हमारे समाज की रीढ़ हैं। आगे चलकर उन्हें ही देश की बागडोर अपने कंधों पर उठानी है। लिहाजा युवाओं को शक्तिशाली ही नहीं बल्कि संवेदनशील व जुझारू भी बनना होगा। इसके बाद देहात क्षेत्र से आए युवाओं ने विधायक से सीधी बात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं बताई। मोहित सैनी, अनिल, विनित ने मांग की कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर ग्रामसभा में खेल का मैदान बनवाया जाए। पिंदर, अनुज कुमार, अर्जुन सिंह ने भिक्कमपुर में एक बालिका इंटर कॉलेज व डिग्री कॉलेज खोले जाने की मांग विधायक के सामने रखी। किसान परिवार से आए योगेश, अरुण कुमार, अरविंद ने कहा कि पिछले पांच साल से गन्ने का समर्थन मूल्य ज्यों का त्यों है, जबकि खेती की लागत बढ़ रही है। उन्होंने लागत के हिसाब से हर साल समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की। नीरज, सोनवीर, रिंकेश, मनोज ने भिक्कमपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम में शिवदत्त शर्मा, मोहित मुंडेल, मोहित सैनी, दीपक, शेखर, विपिन, राजकुमार, रोहित ने भी अपनी समस्याएं विधायक को बताई। विधायक ने सरकार से मिलकर सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण कराने का भरोसा दिया।

 

 

शिविर में 50 दिव्यांगजनो के बने यूडीआईडी कार्ड
रुडकी। गांव बिंदू खडक़ मे आयोजित भगीरथ दिव्यांग सेवा संस्थान के संस्थापक डॉ. पहल सिंह सैनी की ओर से नि:शुल्क शिविर का आयोजन किया गया। उत्तराखंड दिव्यांग सशक्तिकरण एसओ के जिलाध्यक्ष हरिद्वार पवन धीमान ने बताया कि यह शिविर हैप्पी फैमिली सेवा ट्रस्ट पनियाला रोड रुडक़ी के सौजन्य से लगाया गया। जिसमें बहुत ही दूर दराज से 50 से अधिक दिव्यांगजन अपना यूडीआईडी कार्ड बनवाने आए। इस कार्ड के बनने से दिव्यांग व्यक्तियों को बहुत सी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। हम सभी की जिम्मेदारी है कि दिव्यांगजनों के हित में हमें कार्यों करते रहना चाहिए। शिविर में उपस्थित डॉ. पहल सिंह सैनी, डॉ. अनिल सैनी, डॉ. राजीव,जया, बिट्टू राठी, अश्विन सैनी, अक्षय धीमान, पवन धीमान, अशोक सैनी, धारा सिंह, वंदना सैनी, सरिता सैनी आदि उपस्थित रहे।

 

 

तीन दिन से लापता युवती की गुमशुदगी दर्ज
रुडकी। कस्बे में रहने वाली एक महिला ने भगवानपुर पुलिस को तहरीर देकर अपनी पुत्री को बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती की गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। तीन दिन पूर्व एक कॉलोनी में रहने वाली एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जिसको परिजनों ने काफी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चल पाने पर युवती के परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए एक युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज करने के साथ ही मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। भगवानपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करने के साथ ही मामले को गंभीरता से लेते हुए पड़ताल शुरू कर दी गई है।

 

 

 

सुचारू रूप से चलानी चाहिए कांवड़ यात्रा : संजय गुप्ता
रुडकी। कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम ने भले ही गेंद केंद्र सरकार के पाले में डाल दी है, पर लक्सर विधायक कांवड़ यात्रा पर रोक लाने के विरोध में हैं। उनका कहना है कि गाइडलाइन भले ही और कड़ी कर दी जाएं, पर सरकार को करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ी कांवड़ यात्रा सुचारू रूप से चलानी चाहिए। रविवार को लक्सर के भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने कांवड़ यात्रा को लेकर लक्सर में पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि कोरोना एक घातक महामारी है। इसमें लोगों की जान बचाना सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। लेकिन कांवड़ यात्रा भी देश में रह रहे बहुसंख्यक समाज के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ मसला है। कांवड़ यात्रा के लिए उत्तराखंड के अलावा हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान सहित कई राज्यों के लोग हरिद्वार आकर गंगाजल भरते हैं। हरिद्वार के हजारों लोगों के परिवार की रोजीरोटी भी कांवड़ यात्रियों के आवागमन से ही चलती है। इसे देखते हुए कांवड़ यात्रा को पूरी तरह रोकना भी गलत है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि कांवड़ यात्रा के लिए अलग से कड़ी गाइडलाइन बनाई जाए। साथ ही इसे सख्ती से लागू कराने की भी व्यवस्था की जाए। पर कांवड़ यात्रा हर हाल में सुचारू की जानी चाहिए। कहा कि अभी कांवड़ यात्रा के संचालन में काफी समय बाकी है। इसमें सरकारी सारी तैयारियां कर सकती है। उनके साथ विनय गुप्ता, पृथ्वी सिंह राणा, मोहित वर्मा आदि भी थे।

 

 

 

मेयर ने किया वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता को घर जाकर सम्मानित
रुडकी। मेयर गौरव गोयल ने रामनगर स्थित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रमेश भटेजा के आवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 120 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में नगर के दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मेयर गौरव गोयल ने सम्मानित किया था। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सम्मिलित नहीं हो पाए थे। मेयर गौरव गोयल ने उनके आवास पर पहुंच कर उन्हें सम्मानित किया। मेयर गौरव गोयल ने कहा कि नगर में जो कार्यकर्ता 30-40 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए हैं और पार्टी को उन्होंने आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। इसलिए ऐसे कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाना चाहिए। इस अवसर पर पार्षद मंजू भारती, दिलीप मेहंदीरत्ता, प्रदीप सचदेवा, गौरव मेहंदीरत्ता, नामित पार्षद धर्मवीर पिंकी समेत अन्य मौजूद रहे।

 

 

दुकान का ताला तोड़.. पर्स चोरी में बुलेट सवार मजदूर गिरफ्तार
रुडकी। परचून की दुकान का ताला तोडक़र पर्स चोरी करने में बुलेट सवार मजदूर का हाथ था। पुलिस ने पैसे, जरूरी डॉक्यूमेंट और बुलेट बरामद की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 7 जुलाई को योगेश कुमार निवासी बंघेड़ी महावतपुर दोपहर में खाना खाने के लिए दुकान पर ताला लगाकर घर गए थे। तभी वहां बुलेट पर जुनैद पहुंचा था। देखा कि दुकान पर ताला लगा है और आसपास भी कोई नहीं है। पहले दुकान का ताला तोड़ा और उसके बाद ईद- गिर्द घूमने लगा। कुछ देर बाद जब आसपास कोई नहीं आया तो दुकान का शटर उठाकर अंदर घुस गया। जिसके बाद गल्ले से पर्स चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देकर जुनैद बुलेट पर सवार होकर वहां से फरार हो गया। खाना खाकर जब योगेश दुकान पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की थी। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। उप निरीक्षक विनोद सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो पुलिस को कुछ लीड मिली। जिसके बाद पुलिस ने जुनैद को धर दबोचा। सिविल लाइंस कोतवाली इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा ने बताया कि जुनैद निवासी घोसीपुरा थाना मंगलौर से 4500 रुपये, जरूरी डॉक्यूमेंट और बुलेट बरामद की है। पुलिस टीम में कांस्टेबल डोडी सिंह, नीरज गुलेरिया और प्रदीप भंडारी शामिल रहे।

 

 

पेड़ लगाकर शहर को प्रदूषण से बचाएं
रुडकी। अग्निशमन विभाग की ओर से नहर किनारे छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह पौधे लगाकर शहर को प्रदूषण से बचाएं। इस दौरान शपथ ली कि पेड़ों की निगरानी भी करेंगे। रविवार को अग्निशमन अधिकारी डीएस नेगी के नेतृत्व में कर्मचारी नहर किनारे पहुंचे। वहां विभागीय कर्मचारी अतर सिंह राणा, राजेश कुमार, गयूर अली, भरत सिंह, सुंदर पाल, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदीप कुमार, अरुण रावत और हरिश्चंद्र राणा ने छायादार और फलदार पेड़ लगाने शुरू कर दिए। इस बीच अग्निशमन की ओर से किए गए कार्य को देखकर लोगों ने उनकी तारीफ की। नहर किनारे से गुजरने वाले लोगों के लिए अग्निशमन कर्मचारियों का पौधरोपण कार्य आकर्षण का केंद्र बना। इस बीच लोगों से अपील की गई कि वह ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाकर बढ़ते प्रदूषण को कम करें। ताकि शुद्ध और साफ हवा सभी को मिल सके। इस बीच विभागीय कर्मचारियों ने शपथ ली कि वह पेड़ों की सुरक्षा भी करेंगे।