HARIDWAR

सडक़ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की

हरिद्वार

जगजीतपुर के वार्ड 55 के मौहल्ला सगरावाला निवासियों ने मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर मौहल्ले की सडक़ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है। ज्ञापन देने के दौरान स्थानीय निवासी गौरव रसिक ने एमएनए को बताया कि जगजीतपुर में निरंजनी अखाड़ा चौक से मौहल्ला सगरावाला होते हुए पीठ बाजार पुलिया तक जाने वाले मार्ग पर भारी मात्रा अतिक्रमण होने की वजह से स्थानीय लोगों को आने जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक रोड़ पर कुछ लोगों द्वारा भैंसा बुग्गी खड़ी करने व पशु बांधने की वजह से मार्ग पर पैदल चलने की जगह भी नहीं बचती है। जिससे आने जाने वाले आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रोड़ पर बांधे गए पशु अकसर वहां से गुजरने वाले लोगों पर हमला भी कर देते हैं। जिससे कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। अवरोध के चलते सडक़ व नालियों की सफाई भी नहीं हो पाती है। इस संबंध में वार्ड पार्षद को भी कई बार अवगत कराया गया। लिखित में भी शिकायत दी गयी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे सडक़ पर भैंसा बुग्गी खड़ी करने व पशु बांधने वालों के हौसलें बुलंद हो रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण का विरोध करने पर अतिक्रमण करने वाले मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पूर्व प्रधान यशपाल सिंह ने कहा कि सडक़ पर अतिक्रमण से वाहन चालकों व राहगीरों को भारी असुविधाएं झेलनी पड़ रही हैं। कई बार वाहन दुघर्टनाएं भी हो चुकी हैं। लेकिन ग्रामीण हठधर्मिता दिखाए हुए भैंस बुग्गी खड़ी कर सडक़ पर अतिक्रमण कर रहे हैं। कार्तिक कश्यप व अमित कश्यप ने कहा कि समस्या ग्रामीण वासियों के लिए बनी हुई है। लोग सडक़ से नहीं गुजर पाते हैं। कई बार सडक़ पर चलने वाले बच्चे महिलाएं वृद्धजन अतिक्रमण के कारण चोटिल हो चुके हैं। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। जिससे लोगों को राहत मिल सके। ज्ञापन देने वालों में अभय कश्यप, ऋषभ कश्यप, विक्रम, सागर, शिवराम, धर्मवीर, अजय नौटियाल, राजू, दीपक कश्यप, मोहन, लोकेश, विक्रांत, सचिन, राकेश कुमार, दीपक कुमार, रविन्द्र कुमार, भोला, पंकज, विक्की कश्यप, हेमंत, विशाल, जोगेंद्र नौटियाल, आकाश, रामचंद्र, विजेंद्र, रवि, राकेश कुमार, रजनीश, शुभम कश्यप, हर्ष, सुमित, अक्षय आदि शामिल रहे।