ज्वालापुर में बिजली कटौती से लोग परेशान
हरिद्वार
ज्वालापुर की जनता इन दिनों बिजली कटौती से परेशान है। जिस दिन विभाग कटौती नहीं करता है, उस दिन बिजली की आंख मिचौनी जारी रहती है। दिन में कई बार लगने वाले बिजली कट से ज्वालपुर की जनता परेशान है। ज्वालपुर के विभिन्न क्षेत्रों में रोजमर्रा लगने वाला बिजली कट क्षेत्र की जनता के लिए आफत बना हुआ है। वहीं दिन प्रतिदिन क्षेत्र की बिजली गुल कर दी जाती है। बिजली के रोजाना लगने वाले कट से क्षेत्र के कटहरा बाजार, पीठ बाज़ार, मेहतान, लोधा मंडी, नीलखुदान, चौहनान, कस्साबान, हज्जावान, पांवधोई, मदानिया, घोसियान, कैतवाड़ा, कोटरवान के लोग परेशान हो चुके हैं। क्षेत्रवासी शौकत, आनंद, विशाल, रजनीश आदि का कहना है कि दिन में कई दफा बिजली कटौती की जाती है। ज्वालपुर विद्युत विभाग की जेई कंवर पाल का कहना है कि बिजली की लाइन में फाल्ट होने के कारण ट्रिपिंग की जाती है। ग्राहकों की शिकायत सही करने के लिए बिजली बंद करनी पड़ती है। बिजली की लाइनों पर ओवरलोड होने पर भी बिजली कटौती की जाती है। फाल्ट को सही करने के लिए कुछ मिनट के लिए बिजली कट की जाती है।

