HARIDWARUTTARAKHAND

नशे में पेड़ पर चढ़ा नेपाली, कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा  

हरिद्वार

परिचित से शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट की आशंका के चलते नेपाली मूल का एक व्यक्ति पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। उसको नीचे उतारने को लेकर पुलिस महकमा पूरी रात हलकान रहा। बाद में दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद जैसे-तैसे उसे पेड़ से नीचे उतारा। व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला हरिद्वार रेलवे स्टेशन कैंपस के ठीक बाहर का है। देर रात नेपाली मूल का एक व्यक्ति पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर चढ़कर उसने हंगामा खड़ा कर दिया। देखते ही देखते मौके पर आमजन जमा हो गए। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उसे नीचे उतरने की बात कही, लेकिन वह नहीं माना। कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने दमकल महकमे से संपर्क साधा, जिसके कुछ देर बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। जैसे ही दमकलकर्मी पेड़ के ऊपर चढ़ने का प्रयास करते वैसे ही व्यक्ति ऊपर चढ़ता जाता। कई घंटों तक मशक्कत चलती रही। सुबह होने पर जब व्यक्ति का नशा उतरा तब उसे दमकलकर्मियों ने नीचे उतार दिया। उसे आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि हुई। कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि नेपाली मूल के व्यक्ति ने अपना नाम बल बहादुर निवासी कालीकोट नेपाल बताया। केवल इतनी जानकारी दी कि उसने एक परिचित के साथ शराब पी थी, तब उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसे अंदेशा था कि वह उसके साथ मारपीट कर सकता है इसलिए वह पेड़ पर चढ़ गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उसे अभी जिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है।