अघोषित बिजली कटौती को लेकर व्यापारियों ने जताया विरोध
हरिद्वार
अघोषित बिजली कटौती को लेकर व्यापारियों ने उत्तरी हरिद्वार में बैठक कर विरोध जताया। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना दिए कटौती की जा रही है। घंटों लाइट बंद होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। बुधवार को महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में व्यापारियों ने बैठक की। सुनील सेठी ने कहा कि कटौती से व्यापार और घरों के कामकाज में दिक्कतें आ रही है। बिना सूचना दिए घंटों लाइट बंद करने से जनता में रोष है। उन्होंने कहा कि पहली बार आफ सीजन में कटौती की जा रही है। भूदेव शर्मा एवं धर्मपाल प्रजापति ने कहा कि जब निगम बिल समय से भेजता है और पूरा शुल्क वसूलता है तो फिर कटौती का अधिकार निगम को किसने दिया है। यदि जल्द कटौती बंद नहीं की गई तो ऊर्जा निगम के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा। बैठक में महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया, विनोद गिरी, मनीष धीमान, नाथीराम सैनी, रोहित भसीन, अनिल कुमार, राजू कुमार, पीयूष कुमार, पंकज शर्मा, गणेश शर्मा, हरिओम शर्मा, मुकेश अग्रवाल, सुनील मनोचा आदि शामिल रहे।

