HARIDWARUTTARAKHAND

सनातन धर्मग्रंथों पर अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं: स्वामी गौरीशंकर दास

हरिद्वार

श्री बनखंडी साधुबेला पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म ग्रंथ हमारी आस्था का केंद्र है। उनमें निहित ज्ञान से ही भारत संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। देवी-देवताओं और धर्मग्रंथों पर अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूपतवाला स्थित साधुबेला आश्रम में प्रेस को जारी बयान में आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास ने कहा कि धर्मसत्ता राजसत्ता की मार्गदर्शक है। राजनेता अपने निजी स्वार्थ एवं वोट बैंक की राजनीति के लिए धर्म और देवी-देवताओं पर टिप्पणी करते हैं। जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मांग की है कि धर्मग्रंथ और देवी-देवताओं के खिलाफ टिप्पणी करने वाले लोगों के लिए कड़ा कानून बनाया जाए। बताया कि हिंदू सनातन धर्म शांतिप्रिय है। लेकिन कोई भी इसे हमारी कमजोरी न समझे। बताया कि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा तुरंत बर्खास्त किया जाए और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए। ताकि दोबारा कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की ओछी राजनीति न करें।