महात्मा गांधी को पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार
महानगर कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सुभाष घाट स्थित कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाकर श्रद्धाजंलि अर्पित की। इससे पूर्व भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर महानगर कांग्रेस ने सुभाष घाट स्थित कार्यालय पर ध्वज फहराया। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श और अहिंसा की प्रेरणा के सामने अंग्रेजों ने भी हार मान ली थी। कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी व कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह की घोषणा की और पूरे देश को एकजुट कर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन, दांडी यात्रा समेत कई आंदोलन किए। महात्मा गांधी के आंदोलन के सामने अंग्रेजों को झुकना पड़ा। ब्लॉक ज्वालापुर अध्यक्ष यशवंत सैनी, ब्लॉक कनखल अध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने कहा कि सबसे पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता कह कर पुकारा था। तभी से गांधी जी पूरे देश के राष्ट्रपिता बन गए। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अमन गर्ग, आईटी अध्यक्ष अकाश बिरला, ठाकुर रतन सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, चौधरी करतार सिंह, नितिन यादव, विपिन पैवल, ओम मलिक, विमल कुमार आदि प्रमुख रहे।

