NATIONAL

महापंचायत के बाद पश्चिमी यूपी से लेकर हरियाणा तक के किसान दिल्ली की ओर चूक कर रहे

नई दिल्ली —

दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो माह से जारी किसान आंदोलन को फिर रफ्तार मिलती दिख रही है। 26 जनवरी को हुई हिंसा के बाद किसान आंदोलन कुछ ढीला हुआ था, लेकिन अब फिर प्रदर्शनकारियों का जुटना शुरू हो गया है। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत की अपील के बाद पश्चिमी यूपी से लेकर हरियाणा तक में किसानों की महापंचायत हुई है, जिसमें किसान आंदोलन को समर्थन देने की बात कही गई है.

बिजनौर में बीते दिन एक और महापंचायत की गई, जिसमें दिल्ली में जारी किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया गया।कुछ वक्त पहले ही नरेश टिकैत ने कहा था कि अगले कुछ दिनों में अलग-अलग गांवों की ओर से किसान आंदोलन का समर्थन किया जाएगा।

बता दें कि बिजनौर से पहले मुजफ्फरनगर, मथुरा, बागपत में किसानों की महापंचायत हो चुकी है। यहां कृषि कानूनों का विरोध कर दिल्ली में जारी किसानों के आंदोलन के समर्थन की बात कही गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरह ही हरियाणा में गांव-गांव में किसान आंदोलन को समर्थन देने की मुहिम चल रही है। बीते दिन बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टरों पर सवार होकर रैली निकाली और सिंघु बॉर्डर तक का सफर किया। सिंघु बॉर्डर पर बीते दिनों हिंसा हुई थी, जिसके बाद अब हरियाणा की कई खापों ने रैली निकालकर वहां मौजूद किसान प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ाया। अलग-अलग खाप के लोग यहां पहुंचे, जिन्होंने कहा कि वहां किसानों को बताना चाहते हैं कि वहां अकेले नहीं हैं, हरियाणा के गांव भी उनके साथ हैं।