HARIDWAR

नौ वेंडिंग जोन चिह्नित करने पर चर्चा

हरिद्वार। टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक नगर निगम परिसर में सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय में हुई। सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद ने कहा कि टीवीसी की बैठक में लघु व्यापारियों के संगठनों के माध्यम से नए प्रस्ताव दिए गए हैं जिसके क्रियान्वयन के लिए उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के नियम अनुसार कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा वेंडिंग जोन में स्थापना के उपरांत 9 वेंडिंग जोन भी चिह्नित किए जा रहे हैं। यातायात और अतिक्रमण की समस्या को ध्यान में रखते हुए सहमति से 9 वेंडिंग जोन घोषित किए जाएंगे।
बैठक में एजेंडा कर अधीक्षक सुनीता सक्सेना, लिपिक वेदपाल द्वारा संयुक्त रूप से प्रेषित किया गया। टीवीसी की बैठक में सदस्य लघु व्यापार एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने लघु व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुंभ मेला कंट्रोल रूम के समीप दीनदयाल पार्किंग मार्ग पर वेंडिंग जोन बनाए जाने के साथ विष्णु घाट पुल पार प्राचीन काली मंदिर, भीमगोड़ा, भूपतवाला, खड़खड़ी, कनखल दक्ष मंदिर, सिंह द्वार, पंपिंग स्टेशन के समीप देवपुरा स्टेडियम इत्यादि स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाए जाने के साथ भगत सिंह चौक से सेक्टर टू बैरियल, ज्वालापुर, पुल जटवाड़ा की लाभार्थियों की सूची जारी करने की मांग की। साथ ही उत्तरी हरिद्वार के वेंडिंग जोन की टेंडर प्रक्रिया निकाले जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
बैठक में हरिद्वार कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला, नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धीरेंद्र प्रसाद, एचआरडी की ओर से शिवम नौटियाल, लीड बैंक प्रबंधक की ओर से अभिषेक कुमार, सिंचाई विभाग उत्तराखंड से विजय सिंह, सिटी मेंशन मैनेजर अंकित रमोला, सदस्य कमल सिंह, मोनू तोमर, तस्लीम अहमद, विमल, सुमन गुप्ता, आशा देवी आदि शामिल रहे।