UTTARAKHAND

नगर निगम की जेसीबी से दबाई गई थी सरकारी दवा

हरिद्वार। बैरागी कैंप में लाखों की लागत की सरकारी दवाइयों के चालीस कट्टों को जिस जेसीबी के माध्यम से गड्ढे में दबाया गया था। वह जेसीबी हरिद्वार नगर निगम की थी। जबकि नगर निगम अधिकारी जो ड्राइवर जेसीबी लेकर गया था उसको निलंबित करने की कार्रवाई कर रहे हैं। नगर निगम में पूर्व में नगर स्वास्थ्य अधिकारी रहे चिकित्सक वर्तमान में बहादराबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात हैं। नगर निगम में तैनात होने के दौरान चिकित्सक के चालक रहे व्यक्ति को चिकित्सक ने जेसीबी लेकर बैरागी कैंप आने को बोला। चिकित्सक के खेल से बेखबर चालक जेसीबी लेकर बैरागी कैंप ले गया। जहां पर चिकित्सक ने उससे लाखों की लागत की सरकारी दवाइयों को गड्ढा कर दबाने का कार्य जेसीबी से करवाया। नगर निगम की जेसीबी का इस्तेमाल होने की सूचना के बाद से नगर निगम के अधिकारी भी सकते में हैं। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने बताया कि सैनेट्री सेल के प्रमुख को चालक को सस्पेंड करने की कार्रवाई करने के दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।