dehradun

निरंकारी मिशन ने टपकेश्वर की तमसा नदी में चलाया स्वच्छता अभियान

देहरादून। निरंकारी मिशन की साध संगत ने सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज की प्रेरणा पर प्रोजेक्ट अमृत के स्वच्छ जल स्वच्छ मन के तहत टपकेश्वर मंदिर स्थित तमसा नदी में स्वच्छता अभियान चलाया। सुबह के समय करीब चार घंटे तक ये अभियान चला। सेवादल के करीब पांच-छह सौ सदस्यों ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान नदी के किनारों की साफ सफाई, नदी से कचरा हटाया गया। कई टन प्लास्टिक कचरा साफ किया गया। संत निरंकारी मिशन ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर की नदियों में स्वच्छता अभियान के तहत दून में भी सफाई अभियान चलाया। इसका मुख्य उद्देश्य नदियों को साफ करने, जल संरक्षण व इसके बचाव के लिए अपनाई जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का हिस्सा बनाना था। टपकेश्वर मंदिर की तमसा नदी पर मिशन के स्वयं सेवक सफाई के लिए हाथ में बेलचा, फाउड़े, बाल्टियां, झाडू आदि लेकर उतरे। नदी में जमी काई, किनारों पर जमा प्लास्टिक कचरा, पॉलीथिन हटाई गई। वहां पहुंचे लोगों को नदी की सफाई के प्रति जागरुक किया गया। मसूरी जोन के क्षेत्रीय प्रभारी हरभजन सिंह के नेतृत्व में चले सफाई अभियान में पांच छह सौ से अधिक स्वयं सेवकों ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड में 19 स्थानों पर सफाई अभियान चला। अभियान में महंत दिगंबर भरत गिरी महाराज, हरीश सेमवाल, गोर्खाली सुधार सभा अध्यक्ष पद्म सिंह थापा, संयोजक नरेश विरमानी, संचालक मनजीत सिंह आदि शामिल थे।