लाखों रुपये लेकर प्रॉपर्टी डीलर फरार, केस दर्ज
हरिद्वार
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के दादूपुर गोविंदपुर निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर कई लाख रुपये लेकर फरार हो गया। लोगों से आरोपी ने प्रॉपर्टी में रुपये लगवाये थे। अब प्रॉपर्टी डीलर का कुछ पता नहीं चल रहा है। पुलिस के मुताबिक मोहित पुत्र श्री रामपाल सिंह निवासी दादुपुर गोविन्दपुर कोतवाली रानीपुर ने शिकायत कर बताया कि उसकी जान पहचान प्रॉपर्टी डीलर सत्यप्रकाश शर्मा पुत्र भवानी प्रसाद शर्मा निवासी ग्राम दादुपुर गोविन्दपुर कोतवाली रानीपुर से थी। आरोप है कि सत्यप्रकाश के कहने पर उन्होंने प्रॉपर्टी में लगाने के लिए उन्हें 11 लाख रुपये दिए थे। सत्यप्रकाश ने आश्वासन दिया था कि जब संपत्ति बिकेगी तो उसका रुपये लाभ के सहित लौटा देगा। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर सत्यप्रकाश एवं उसकी पत्नी ममता देवी पैसा हड़पने के उद्देश्य से बीते 28 जुलाई की रात को फरार हो गए। इसके अलावा कई अन्य लोगों के लाखों रुपये भी सत्यप्रकाश ने लिए हुए थे। पुलिस को कई शिकायतें आ चुकी हैं। रकम लाखों में बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

