सफाई व्यवस्था पर ध्यान दें नगर निगम अधिकारी : पंकज माटा
हरिद्वार
देवगंगा व्यापार मण्डल के महामंत्री पंकज माटा ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। बरसात के सीजन में जगह-जगह हो रहे जलभराव के कारण मच्छर पनप रहे हैं। जिससे डेंगू का खतरा बढ़ रहा है। पंकज माटा ने कहा कि वर्तमान में लोग कोरोना महामारी से त्रस्त हैं। विशेषज्ञों द्वारा कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका व्यक्त की जा रही है। दूसरी लहर में बड़ी संख्या में लोग कोरोना से प्रभावित हुए और कई लोगों की मौत भी हो गयी। ऐसे में सडक़ों, खाली प्लाटों, गलियों में जमा होने वाली बरसाती पानी में डेंगू मच्छर पनपने से हालात बेहद खराब हो सकते हैं। इसलिए नगर निगम प्रशासन को त्वरित कदम उठाते हुए सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। कहीं भी जलजमाव ना हो इस पर खास ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही डेगू का लार्वा नष्ट करने व लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाना चाहिए। माटा ने कहा कि शहर में जगह-जगह मच्छर रोधी दवा का छिडकाव किया जाए। सडक़ों से कूड़ा नियमित रूप से उठवाया जाए। मेयर अनिता शर्मा को समान रूप से सफाई व्यवस्था सुचारू रखने की दिशा में त्वरित कदम उठाने चाहिए। डेंगू नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। जिससे लोगों को राहत मिल सके।

