चबूतरे निर्माण के विरोध में जमा हुए लोग रुकवाया काम
हरिद्वार
इंद्रलोक आवासीय कॉलोनी में अर्थी का कंधा बदलने के लिए बनाए जा रहे चबूतरे का लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। जिसके बाद नगर पालिका परिषद और हरिद्वार विकास प्राधिकरण ने कार्य रुकवा दिया। रावली महदूद निवासी संदीप कुमार सैनी ने रावली महदूद और ब्रह्मपुरी से मृत्यु के बाद गांव से बाहर कंधे पर अर्थी ले जाने वाले रास्ते पर चबूतरे के निर्माण को नगर पालिका परिषद से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया था। हालांकि इस अनापत्ति प्रमाण पत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का कोई अतिक्रमण न करने का हवाला भी दिया गया है। रविवार को जब चबूतरे के लिए रेत, बजरी आदि सामग्री डाली गई तो कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू किया। मौके पर जनप्रतिनिधि और विकास प्राधिकरण की टीम भी पहुंच गई। मामला बढ़ता देख विभाग की टीम ने पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। एचआरडीए ने विभाग की भूमि बताकर कार्य रुकवा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि मामला शांत करा दिया है। निर्माण कार्य भी रुक गया है।

