HARIDWAR

राजीव चोपड़ा के भजनों से माहौल हुआ भक्तिमय

हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक राजीव चोपड़ा ने भक्ति भाव से परिपूर्ण भजन प्रस्तुत किए तथा प्रसिद्ध शंखवादक डॉ. विपिन मिश्रा ने शंखनाद प्रस्तुत किया। स्वामी कैलाशानंद गिरी, पूर्व विधायक संगीत सोम, कुलदीप भारद्वाज ने दीप प्रज्ज्वलित कर भजन संध्या का शुभारंभ किया। दक्षिण काली मंदिर में आयोजित किए जा रहे नवरात्र उत्सव के अंतर्गत बुधवार को आठवें नवरात्र पर महागौरी का पूजन कर विश्व कल्याण की कामना की गयी। कैलाशानंद गिरी ने कहा कि आठवें नवरात्र को महागौरी की पूजा का विधान है। भगवान शिव के साथ विराजमान माता महागौरी की पूजा आराधना से असंभव कार्य भी पूरे हो जाते हैं। जीवन धन, वैभव, सुख, शांति बनी रहती है। माता महागौरी अमोध फलदायिनी हैं। इस दौरान कुलदीप भारद्वाज, अवंतिकानंद ब्रह्मचारी, कृष्णानंद ब्रह्मचारी, आचार्य पवनदत्त मिश्र, प्रमोद पांडे, लाला बाबा, मुख्य पुजारी विवेकानंद, सुधीर पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।