HARIDWARUTTARAKHAND

व्यापारी बोले-पॉड टैक्सी का प्रस्तावित शहरहित में नहीं

हरिद्वार

महानगर व्यापार मंडल के व्यापारियों ने बैठक कर कहा कि पॉड टैक्सी का अपर रोड से प्रस्तावित रूट शहरहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे इसका रूट बनेगा तो शहर का हित होगा। व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि कॉरिडोर और पॉड टैक्सी को लेकर प्रशासन को एक बैठक करनी चाहिए, जिसमें सभी से राय ली जाए। सोमवार को बस अड्डे के पास स्थित होटल में हुई बैठक में महानगर अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि पॉड टैक्सी का रूट गंगा किनारे बनाया जाए तो श्रद्धालुओं को एक बेहतर व्यू दिखाने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बाजार की सड़कें कम चौड़ी हैं, साथ ही भूमिगत बिजली, गैस, सीवर और पेयजल की लाइन इस योजना में दिक्कतें पैदा करेंगी। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ के दौरान भी इस योजना से नुकसान होगा, क्योंकि पेशवाई और शाही स्नान का रूट प्रभावित हो सकता है। महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया, महामंत्री नाथीराम सैनी ने कहा कि कॉरिडोर और पॉड टैक्सी को लेकर व्यापारियों में बने भय के माहौल को दूर कर जिला प्रसाशन योजना के बारे में शहर की जनता को अवगत करवाए। बैठक में कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, तरुण यादव, बनारसी दास, सरदार लक्की सिंह, राजेश भाटिया, धर्मपाल प्रजापति, मनोज ठाकुर, सोनू चौधरी, भूदेव शर्मा, दीपक मेहता, पंकज माटा, गौरव गौतम, एसएन तिवारी, अनिल कुमार, गणेश शर्मा आदि शामिल रहे।