विस अध्यक्ष ने 35 आचार्यों को आर्थिक सहायता राशि के चेक बांटे
ऋषिकेश
विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने एसवीएम इंटर कॉलेज आवास विकास के 35 आचार्यों को पांच-पांच हजार की आर्थिक सहायता राशि के चेक दिए। उन्होंने विद्यालय के मेधावियों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। शुक्रवार को आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विद्यालय के 35 आचार्यों को पांच-पांच हजार के आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। उन्होंने बीते वर्ष उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की वरीयता सूची में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले राहुल यादव को 11 हज़ार रुपये एवं पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले रोहित झा को पांच हज़ार रुपये भेंट किए। कहा कि विद्या मंदिर के आचार्य कम वेतन में भी विद्यार्थियों की शिक्षा एवं उन्हें संस्करवान बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र पांडे, नंदकिशोर भट्ट, रजनी गर्ग, रीना गुप्ता, नागेंद्र पोखरियाल, प्रवेश कुमार, राजेश कुमार, मनोरमा शर्मा, अनिल भट्ट, भारती बडोनी, आनंद मणि आदि उपस्थित थे।

