भूखंड पर कब्जे प्रयास में नपेंगे भाजपाई
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में एक संत का भूखंड कब्जाने के प्रयास के खेल में शामिल रहे स्थानीय भाजपा नेताओं पर भी कार्रवाई होना तय है। शहर कोतवाली पुलिस ने विवेचना के दौरान भाजपाईयों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। पूरे प्रकरण की मॉनीटरिंग एसएसपी अजय सिंह खुद कर रहे है। पिछले दिनों भूपतवाला की ओम विहार कॉलोनी में एक भूखंड के स्वामित्व को लेकर विवाद आ खड़ा हुआ था। एक पक्ष से जुड़े भाजपा पार्षद का दावा था कि भूखंड लुधियाना के एक संत देवी दयाल शुक्ल का है। जबकि दूसरे पक्ष की अगुवाई कर रहे भाजपा के कुछ युवा नेता ने भूखंड गाजियाबाद निवासी समीर गुप्ता का होने का दावा किया था। भूखंड को लेकर हुए विवाद के बाद राजस्व विभाग ने पहुंचकर जांच शुरु की थी। राजस्व रिकॉर्ड में भूखंड का स्वामित्व संत देवी दयाल शुक्ल का होने की बात सामने आई थी। जिसके बाद संत ने एसएसपी से मुलाकात कर उनका भूखंड कब्जाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने भूखंड पर दावा कर रहे समीर गुप्ता निवासी गाजियाबाद यूपी, वीर विक्रम सिंह व अमित जानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भूखंड पर कब्जे के प्रयास की पटकथा के पीछे भाजपा नेता शामिल हैं। कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

