HARIDWARUTTARAKHAND

किसान संगठित होकर एक झंडे के नीचे आएं

रुड़की

उत्तराखंड किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष महकार सिंह ने कहा कि किसानों को एक झंडे के नीचे आना होगा। जब तक किसान संगठित नहीं होंगे तब तक किसानों को किसी भी सरकार से कुछ मिलने वाला नहीं है। वह झबरेड़ा स्थित कृषि मंडी समिति में किसान पंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनपद हरिद्वार के सभी किसान आपदा आने से परेशान हैं। जिले के हर किसान को सरकार की ओर से कम से कम 10 हजार रुपये प्रति बीघा मुआवजा दिया जाना चाहिए। किसानों के खेतों में खड़ी पशु चारे की फसल बिल्कुल समाप्त हो गई है। गन्ना फसल भी लगभग 40 प्रतिशत समाप्त हो गई है। गन्ने की फसल में लगभग ₹13 हजार रुपये प्रति बीघा लागत आ चुकी है। उन्होंने कहा कि लागत को देखते हुए उत्तराखंड सरकार को किसानों की मदद करनी चाहिए। किसानों को अपना संगठन अपने आप इतना मजबूत करना होगा कि कोई भी अधिकारी उनकी बात सुनने और उस पर अमल करने को तैयार रहे। ऐसा तभी होगा जब किसान संगठित होंगे। इस अवसर पर सतवीर सिंह, धर्मेंद्र, राजकुमार, सुरेंद्र, धर्मवीर, ओंकार, अकील अहमद, अक्षय कुमार, मुनव्वर हसन, कुलबीर, सेहवान, मतलूब, महबूब, जनक सिंह, मकर सिंह, नरेश, यशवीर सिंह आदि मौजूद रहे।