नई नियुक्तियों के अलावा सारे काम करेंगे प्रशासक
रुड़की। जिले की सभी 43 सहकारी समितियों के संचालन बोर्ड का पांच वर्ष का कार्यकाल इसी 25 जुलाई में समाप्त हो गया। कार्यकाल समाप्त होते ही शासन ने संचालन बोर्ड को भंग कर सभी समितियों में विभागीय अधिकारियों को प्रशासक तैनात कर दिया है। नई नियुक्ति करने को छोड़कर बोर्ड के बाकी सारे अधिकार प्रशासक के पास रहेंगे। हरिद्वार में कुल 43 सहकारी समितियां हैं। इनमें लक्सर विकासखंड में 8, खानपुर में 3, बहादराबाद में 10, नारसन में 7, भगवानपुर में 9 व रुड़की ब्लॉक में 6 सहकारी समितियां हैं। इनमें लेनदेन व दूसरे सारे प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी पांच साल के लिए चुने गए संचालन बोर्ड की होती है। 2018 में जिले की समितियों में चुनाव कराने के बाद संचालन बोर्ड का गठन हुआ था। इन सभी संचालन बोर्ड का कार्यकाल 25 जुलाई को समाप्त हो गया है।

