शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त होने का इंतजार
हरिद्वार। डीएम के आदेशों के बाद भी हरिद्वार में बारिश के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़कों पर हुए गड्ढों से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हाईवे से लेकर शहर की अंदरुनी सड़कों का बारिश के बाद बुरा हाल है। हरिद्वार में बारिश के बाद अधिकतर सड़कें छलनी हो गई हैं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इन दिनों इन सड़कों पर चलना खतरे से खाली नहीं है। हाल ही में एक बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अफसरों को बारिश के बाद सड़कों पर हुए गड्ढों को भरने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन उसके बाद भी शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त होने का इंतजार है। एडीएम बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि कुछ गड्ढों को भरा जा चुका है। जबकि कुछ गड्ढों को भी जल्द भरने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।

