HARIDWAR

धरना दे रहे छात्र संघ पदाधिकारियों ने महाविद्यालय पर जड़े ताले

विकासनगर। जनजाति क्षेत्र जौनसार बावर के प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक में सुधार और पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में पीजी कक्षाएं संचालित करने की मांग को लेकर बीते गुरुवार से छात्र संघ पदाधिकारी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को धरना दे रहे छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे प्राध्यापक और अन्य कर्मचारी भी कॉलेज परिसर में दाखिल नहीं हो सके। छात्रों ने सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक तालाबंदी कर धरने पर बैठे रहे।
धरना दे रहे छात्र संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2006 में त्यूणी में महाविद्यालय की स्थापना हुई थी। वर्ष 2016 से पीजी कक्षाओं के संचालन और बालिका छात्रावास की सुविधा को लेकर छात्रों समेत क्षेत्र के समय समय पर मांग करते रहे हैं। बावजूद इसके क्षेत्र के युवाओं को निराशा हाथ लगी है। कहा कि पीजी की कक्षाएं संचालित करने को लेकर पूर्व में भी छात्र संघ ने 21 दिन धरना प्रदर्शन किया था, जिसके बाद शासन की ओर से पीजी कक्षाओं के संचालन का आश्वासन दिया गया था।
छात्र संघ पदाधिकारियों ने कहा जौनसार बावर में शिक्षा व्यवस्था प्राथमिक स्तर से ही बेपटरी है। चकराता ब्लॉक 61 प्राथमिक विद्यालय एकल शिक्षक के सहारे संचालित हो रहे हैं। जबकि कई विद्यालयों में डेढ़ सौ से अधिक छात्र संख्या पर मात्र दो ही शिक्षक तैनात हैं। अधिकांश माध्यमिक विद्यालय प्रधानाचार्य विहीन हैं। आलम यह है कि अटल उत्कृष्ट और आदर्श विद्यालयों में भी शिक्षकों के पद रिक्त हैं। कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। धरने में छात्र संघ सचिव शिवानी शोक्टा, अंकित कुमार, गीतिका रावत, कनिका, आरती, सुमन, तन्नू, बॉबी, शीतल, निधि, चंदन आदि शामिल रहे।
संयुक्त निदेशक से वार्ता रही विफल
छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य जोशी ने बताया कि बीते छह दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मंलगवार को संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा से फोन पर वार्ता हुई। तहसील प्रशासन और महाविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में हुई वार्ता के दौरान छात्रों की मांगों पर कोई सहमति नहीं बनने से छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।