दिल्ली विधानसभा में उठी राघव चड्ढा और संजय सिंह का सस्पेंशन रद्द करने की मांग
नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा विशेष सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के राजेंद्र नगर से विधायक दुर्गेश पाठक ने बहस में भाग लेते हुए पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संजय सिंह का निलंबन रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं और विधायकों का कहना है कि दोनों का आचरण खराब होने की वजह से उन्हें राज्यसभा से निलंबित किया गया। इसके जवाब में दुर्गेश पाठक ने बीजेपी के विधायकों से अपील की कि आप पहले राज्यसभा का वीडियो फुटेज देख लीजिए, फिर तय कीजिए कि संजय सिंह और राघव चड्ढा का आचरण खराब है क्या? दुर्गेश पाठक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में सीवर लीकेज और पेयजल सहित 56 कार्यों का जिक्र किया, जिस पर काम रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि हर काम 5 लाख से 15 लाख रुपये के हैं, लेकिन काम नहीं हो पा रहे हैं। ये सभी विकास के काम किसी न किसी स्टेज में रुके हुए हैं। सदन में सदस्य और बीजेपी विधायक अयय माहवर से पूछ लीजिए, उन्होंने खुद मुझे फोनकर बताया था कि कुछ कर लीजिए आप अपने क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करा लीजिए। इससे पहले किरारी विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक ऋतुराज गोविंद झा ने अपने क्षेत्र में सीवर और पेयजल का मुद्दा सदन में बहस के दौरान उठाया। उन्होंने दावा किया कि इससे संबंधित परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा था, लेकिन अब वे काम रुके हुए हैं। किरारी के कई इलाकों में पेयजल की भीषण समस्या है। उस पर तेजी से पूरा कराने में मदद करने के बजाय केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को पंगु बनाने की कोशिश की जा रही है। केंद्र सरकार समझ ले दिल्ली की जनता सब जानती है। माफ नहीं करेगी।

