नावघाट और गंगातट पर सफाई अभियान चलाया
ऋषिकेश(आरएनएस)। एसएसपी अजय सिंह सोमवार को दिनभर ऋषिकेश में रहे। उन्होंने पहले नावघाट और गंगातट पर सफाई अभियान चलाया। इसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम में समस्याओं को सुनने के साथ स्थानीय लोगों के सुझाव लिए। इसके बाद वह ट्रैफिक पुलिस की सड़क सुरक्षा रैली में शामिल हुए। नगर निगम स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यतौर पर अतिक्रमण, नशा और बेपटरी ट्रैफिक के मुद्दे छाए रहे। सुधार के लिए व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने कई सुझाव एसएसपी अजय सिंह को दिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए सप्ताह में एक दिन ऋषिकेश में रहने का भरोसा दिया। बताया कि ट्रैफिक को पटरी पर लाने के लिए निगरानी करते हुए अन्य इंतजामों को भी ठीक करेंगे।

