राम हमारे नहीं सबके हैं, प्राण प्रतिष्ठा के बाद बोले PM Modi
राम मंदिर में प्रभू श्रीराम बाल स्वरूप में मनमोहक छवि के साथ विराजमान हो गए है। अयोध्या में भावविभोर करने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में रामलला की बालस्वरूप मूर्ति के दर्शन हुए है। सदियों के इंतजार के बाद ये क्षण आया है जब रामलला अपने भव्य महल में विराजमान हो सके है। रामलला अब टेंट में नहीं बल्कि दिव्य मंदिर में विराजमान हुए है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद सियावर रामचंद्र की जय और जय श्री राम के जयकारे लगाए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 22 जनवरी 2024 का सूरज अद्भुत आभा के साथ उदय हुआ है। ये नए काल चक्र का द्योतक है। ये क्षण आलौकिक है, ये पल पवित्रतम है। उन्होंने कहा कि रामलला को अब टेंट में नहीं रहना होगा। अब वो इस दिव्य मंदिर में रहेंगे। आज हमारे राम आए है। मुझे विश्वास है कि जो कुछ हुआ है वो देश के राम भक्तों तक जरुर पहुंचेगा। ये अनुभूति देश के हर राम भक्त को हो रही है। इस दौरान सभी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राम आग नहीं, ऊर्जा है। राम विवाद नहीं समाधान है। राम सिर्फ हमारे नहीं सभी के है। राम वर्तमान नहीं अनंतकला है।
बता दें कि सुनहरी रंग का कुर्ता, क्रीम रंग की धोती और उत्तरीय पहने प्रधानमंत्री मोदी नवनिर्मित राम मंदिर के मुख्य द्वार से अंदर तक पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और गर्भगृह में प्रवेश किया। प्रधानमंत्री इस दौरान अपने हाथ में लाल रंग के कपड़े में लिपटा हुआ चांदी का एक छत्र भी लेकर आए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत की उपस्थिति में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ से संबंधित अनुष्ठान किए।

