NATIONAL

जिसने सरेआम लोकतंत्र का गला घोंटा, आज हमें उपदेश दे रही है: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि विपक्ष मेरी आवाज नहीं दबा सकता, देश की जनता ने मुझे मजबूत दी है। मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं उस दिन तो नहीं कह सका लेकिन मैं मल्लिकार्जुन खड़गे का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। मैं उस दिन बड़े ध्यान से और मजे से उनकी बातें सुन रहा था। लोकसभा में हमें मनोरंजन की जो कमी खल रही थी, वह उन्होंने पूरी कर दी। उन्होंने कहा कि हम बड़े धैर्य और नम्रता के साथ आपके एक-एक शब्द को सुनते रहे हैं। लेकिन आप आज भी न सुनने की तैयारी के साथ आए हैं। परंतु मेरी आवाज को आप दबा नहीं सकते।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पार्टी सोच से भी पुरानी पड़ गई है और अपना काम ‘आउटसोर्स’ कर रही है। मोदी ने कहा कि देश की जनता ने इस आवाज को ताकत दी है। इसलिए मैं भी इस बार पूरी तैयारी के साथ आया हूं। अपना प्रहार करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल से चुनौती आई है कि कांग्रेस 40 पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह तय ही नहीं कर पाई कि राष्ट्रीयकरण करना है या निजीकरण करना है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर को भारत रत्न देने के योग्य नहीं समझा और अपने ही परिवार के लोगों को भारत रत्न देती रही, वह हमें आज उपदेश दे रही है।

मोदी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे काफी देर तक राज्यसभा में बोले और मैं सोच रहा था कि उन्हें इतनी देर तक बोलने का मौका कैसे मिला और फिर मुझे एहसास हुआ कि दो विशेष कमांडर वहां नहीं थे तो उन्होंने इसका फायदा उठाया और मुझे लगता है कि खड़गे जी वो गाना तो सुना ही होगा ‘ऐसा मौका फिर कहा मिलेगा’। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से आई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर भी ताले लगाने की कोशिश की थी, अब देश को तोड़ने का नैरेटिव उस कांग्रेस ने गढ़ना शुरू कर दिया है। अब देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दिए जा रहे हैं।