आग से घर का सारा सामान खाक, चार पशु झुलसे
रुड़की
गिद्धावाली में किसान के बंद मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, ग्रामीणों ने दरवाजे तोड़कर झुलसे 4 पशुओं को निकालकर बचा लिया। पीड़ित ने एसडीएम से मिलकर मुआवजे की मांग की है। एसडीएम ने लेखपाल को जांच के लिए भेजा है। बुधवार तड़के खानपुर के गिद्धावाली गांव निवासी संजय पुत्र सुखवीर गेहूं की रखवाली के लिए खेत पर गया था। बाद में उसका बेटा कांवड़ के लिए गंगाजल भरने हरिद्वार रवाना हुआ। परिवार के बाकी लोगों ने भी मकान को ताला लगाया और उसके साथ पूजा करने गांव के पास शिव मंदिर तक चले गए।
उनके जाते ही बंद मकान में आग लग गई। मकान में चार पशु बंधे थे। लपटें देखकर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर झुलसे पशुओं को तो बाहर निकाल लिया, परंतु घर में रखी नकदी, अनाज, कपड़े, बर्तन व बाकी सारा सामान जलकर राख हो गया। तब तक संजय व उसके परिवार के सदस्य वापस आ गए थे। उन्होंने पशु चिकित्सक को बुलाकर पशुओं का इलाज कराया। संजय ने गांव के जिम्मेदार लोगों संग एसडीएम गोपाल सिंह चौहान से मिलकर आर्थिक मदद की गुहार लगाई। बताया कि आग से उसका दस लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। एसडीएम ने हल्का लेखपाल को जांच के लिए मौके पर भेजा है।

