UTTARAKHAND

डिप्लोमा बेरोजगार संघ ने की रिक्त पदों को भरने की मांग

रुद्रप्रयाग

पालीटेक्निक डिप्लोमा प्रशिक्षित बेरोजगारों ने प्रदेश सरकार से विभिन्न विभागों में रिक्त जेई के पदों पर विज्ञप्ति जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में डिप्लोमाधारी बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शीघ्र विज्ञप्ति जारी कर जेई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। जखोली में त्रिवर्षीय पालीटेक्निक डिप्लोमा प्रशिक्षित बेरोजगारों ने बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर कहा कि सरकार ने पालीटेक्निक डिप्लोमा कोर्स कर चुके युवा बेरोजगारों को जेई भर्ती के लिए विगत पांच सालों से किसी भी विभाग में कोई पद विज्ञापित न करने से बेरोजगारों के हितों के साथ अन्याय का काम किया है। डिप्लोमाधारी अतुल डोभाल,विकास राणा,नितिन काला,मोहित अंथवाल,मोहित डोभाल,आशीष रावत,उत्तरांचल जोशी,शुभम उप्रेती,राजेश मेहता,सचिन्द्र नौटियाल आदि बेरोजगारों का कहना है कि सरकार द्वारा जेई के रिक्त पदों पर विगत कई सालों से पद विज्ञापित न होने के कारण कई युवा बेरोजगारों की आयु सीमा अधिक होने के कारण वे निकट भविष्य में आवेदन करने से वंचित हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने 15 दिनों की समय सीमा के अन्तर्गत लोनिवि,सिंचाई,लघु सिंचाई,ग्रामीण अभियंत्रण विभाग,जल निगम,जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों में कनिष्ठ अभियंताओं के रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु विज्ञप्ति जारी नहीं की तो डिप्लोमाधारी बेरोजगार सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सरकार व शासन प्रशासन की होगी।