जयंती पर किया स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर शहीद केसरी चंद को याद
विकासनगर
लोक पंचायत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर शहीद केसरी चंद की 102 वी जयंती पर उनके बलिदान को याद किया। लोक पंचायत के सदस्यों ने वीर केसरी चंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये। लोक पंचायत के जीवनगढ़ स्थित कार्यालय में शहीद की 102 वीं जयंती मनाई गयी। इस अवसर पर लोक पंचायत के सदस्य सतपाल चौहान ने कहा है कि वीर शहीद केसरी चंद ने देश को आजादी दिलाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कहा कि मात्र 24 वर्ष की आयु में देश के लिए अपना बलिदान दे दिया। लोक पंचायत के सदस्य प्रीतम चौहान ने कहा है कि जौनसार बावर की माटी में जन्मे शहीद केसरी चंद ने न केवल देश को आजादी दिलाई बल्कि जौनसार बावर का नाम भी रोशन किया। कहा कि उन्हें गर्व है कि शहीद का जन्म जौनसार बावर की माटी में हुआ। लोक पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान ने कहा है कि शहीद केसरी चंद ने ऐसे समय में स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया जब देश गुलामी की बेड़ियों से जकड़ा हुआ थाl कहा कि शहीद केसरी चंद का जन्म 1 नवंबर 1920 को क्यावा गांव में हुआ और 3 मई को ब्रिटिश सरकार ने सेंट्रल कारागार में फांसी के फंदे पर लटका दिया गया था। इस अवसर पर लोक पंचायत के कार्यकर्ताओं ने रविवार को बायला में हुई वाहन दुर्घटना में मृतकों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट कर दो मिनट का मौन भी रखा। इस मौके पर प्रदीप सिंह, गंभीर सिंह, कांति राणा, कांति चौहान, सुनील प्रदीप वर्मा, जवाहर सिंह राणा, कुंदन सिंह चौहान आदि लोग मौजूद रहे।

