कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने की सदस्यता अभियान की समीक्षा
हरिद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह भंडारी व हरिद्वार जिला प्रभारी अशोक धींगान के साथ बैठक कर हरिद्वार जनपद में चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा की। बैठक में विभानसभा प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अशोक धींगान ने जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों की सदस्यता अभियान का ब्यौरा प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी को सौंपते हुए बताया कि अभियान के तहत जनपद में अब तक सबसे अधिक सदस्य ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में 25 हजार नए सदस्य कांग्रेस से जुड़े हैं। दूसरे नंबर पर लकसर, तीसरे पर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा, चौथे पर रानीपुर व पांचवे नंबर पर हरिद्वार विधानसभा है। हरिद्वार विधानसभा प्रभारी सुमित तिवारी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने 10 नवम्बर तक प्रत्येक विधानसभा में 20 हजार नए सदस्य बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में हरिद्वार शहर विधानसभा प्रभारी सुमित तिवारी, हरिद्वार ग्रामीण प्रभारी सुनीता सिंह, ज्वालापुर प्रभारी तीरथ पाल रवि, रानीपुर प्रभारी कैलाश प्रधान, लक्सर प्रभारी वेदप्रकाश वर्मा ने अपने अपने क्षेत्रों का ब्यौरा बैठक में प्रस्तुत किया।

