dehradun

उत्तराखण्डियत अभियान फिलहाल रद

देहरादून। 12 दिसंबर से राज्य में शुरू होने जा रहा कांग्रेस का उत्तराखण्डियत अभियान फिलहाल रद कर दिया गया है। इसके पीछे की वजह सीडीएस जनरल बिपिन रावत के असमय निधन को बताया जा रहा है। कांग्रेस का ये अभियान 12 दिसंबर को हल्द्वानी से शुरू होना था। जिसके तहत हल्द्वानी, रामनगर, लोहाघाट, कपकोट, सोमेश्वर, बेरीनाग, भनोली, अल्मोड़ा, रामगढ़, धारचूला, पन्तनगर, कोटाबाग और बिन्दुखत्ता में पहले चरण में विभिन्न कार्यक्रम होने थे। जबकि, दूसरा चरण इसके बाद गढ़वाल में होना था। अभियान के स्थगन की जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने बताया कि जनरल रावत के रूप में देश को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है। ऐसे में पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। इस समय कांग्रेस भी देश के साथ है। प्रदेश हाई कमान ने फिलहाल अभियान रद करने का फैसला लिया है। सम्भवतः यह अभियान अब 18 दिसंबर से शुरू किया जा सकता है।