INTERNATIONALNATIONAL

करगिल विजय दिवस हमारे सैनिकों के अद्वितीय साहस की याद दिलाता है: मोदी

नई दिल्‍ली।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ की बधाई देते हुए शनिवार को कहा कि यह दिवस करगिल के पहाड़ों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ने में भारतीय सशस्त्र बलों की सफलता का प्रतीक है।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘देशवासियों को करगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यह अवसर हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के अप्रतिम साहस और शौर्य का स्मरण कराता है जिन्होंने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के जवानों का मातृभूमि के लिए मर-मिटने का जज्बा हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। हर साल 26 जुलाई को करगिल विजय दिवस मनाया जाता है। साल 1999 में इसी दिन भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। उस समय लद्दाख के करगिल में पाकिस्तानी घुसपैठियों से तीन महीने तक चले संघर्ष के बाद भारत को जीत हासिल हुई थी।