UTTARAKHAND

मसूरी विस क्षेत्र की जनता को भी कई योजनाओें की सौगात

देहरादून

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र की जनता को कई करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। 2.37 करोड़ लागत के बीरपुर पुल का लोकार्पण करने के साथ ही कुल 31 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास उन्होंने किया। इससे पूर्व उन्होंने शहीद दुर्गामल्ल की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

गढ़ी कैंट स्थित शहीद दुर्गामल्ल योगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार विकास के लिए समपत है। राज्य के समग्र विकास के साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का हमारा प्रयास है। योजनाएं समय पर पूर्ण हो इसके लिए शिलान्यास करते समय ही उनके लोकार्पण का भी समय निर्धारित किया जा रहा है, जिससे योजनाएं निर्धारित समय से पूर्व तैयार हो रही हैं और करोड़ों की बचत भी राज्य सरकार को हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास का मानक तय करती हैं। सड़कों के विकास में राज्य सरकार के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
इसके लिए राज्य को 17 अवार्ड प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मसूरी विधायक को जन समस्याओं के प्रति जागरूक बताते हुए कहा कि पिछले चार साल में उनके क्षेत्र में 500 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी की। जिनमें गढ़ी कैंट क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण, कुठालगांव व अनारवाला पेयजल योजना का सुदृढ़ीकरण, सेरकी-सिल्ला मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चामासारी-लुहारीगढ़ मोटर मार्ग के साथ ही कालीदास रोड पुनर्गठन सीवर योजना और ग्राम पंचायत कितरली में 1.50 किमी सिंचाई गूल का निर्माण शामिल है।