गन्ने के ओवरलोडेड वाहनों के काटे चालान
रुड़की। चीनी मिल में नया पेराई सत्र शुरू होने के बाद से गन्ने के वाहनों के कारण कस्बे में अक्सर जाम लग रहा है। पिछले हफ्ते एसडीएम ने चीनी मिल व पुलिस के अधिकारियों तथा व्यापारियों की बैठक लेकर इस पर विचार किया था। व्यापारियों का कहना था कि मिल के तोल केंद्रों से ट्रक व ट्रैक्टर, ट्राली अपनी क्षमता से कई गुना अधिक गन्ना लेकर मिल गेट पर आते हैं। उन्हीं से जाम लगता है। एसडीएम ने किसान के वाहन की ही तर्ज पर मिल के तोल केंद्रों से आने वाले वाहनों की भी अधिकतम भार सीमा तय करने के आदेश मिल प्रबंधन को दिए थे। इसके बावजूद ओवरलोडेड वाहनों का आवागमन जारी है। इससे नाराज एसडीएम वैभव गुप्ता ने सोमवार दोपहर बाद परिवहन कर अधिकारी रविंद्र पाल सिंह के साथ रुड़की तिराहे पर गन्ने के ओवरलोडेड वाहनों को रोककर वजन कराया। क्षमता से अधिक वजन पाए जाने पर वाहनों के चालान भी काटे गए। एसडीएम ने बताया कि अब रोज यह अभियान चलाया जाएगा।

