UTTARAKHAND

महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी भाजपा सरकार की देन: आर्येंद्र

विकासनगर

कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश और सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के कुशासन को हटाने का आह्वान किया है। कहा कि पांच साल के कार्यकाल में जहां भाजपा ने प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार के कई रिकार्ड ध्वस्त कर डाले, वहीं रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है। पिछले पंद्रह सालों में भाजपा के विधायकों ने सहसपुर विधानसभा को प्रदेश की सबसे पिछड़ी विधानसभा बनाने का काम किया है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व कई लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली। सहसपुर विधानसभा के सेलाकुई स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित कांग्रेस की चुनवी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की चुनाव संचालन समिति के कोषाध्यक्ष और सहसपुर के कांग्रेस प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड के हर नौजवान को रोजगार देने का वायदा कर डबल इंजन की सरकार बनाने का नारा दिया। लेकिन जनविरोधी भाजपा की डबल इंजन सरकार ने महंगाई और भ्रष्टाचार को चरम पर पहुंचाया। वहीं, एक भी युवा को रोजगार नहीं दिया। सरकारी विभागों में खाली पदों पर नियुक्ति देने के बजाय भाजपा की सरकारों ने विभागों का एक दूसरे में विलय कर सरकारी महकमों को समाप्त करने का काम किया। रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने के बजाय पदों में ही कटौती की। जिससे आज शिक्षित प्रशिक्षित बेरोजगार सड़कों पर रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ने प्रदेश से लेकर सहसपुर की जनता को भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की है। इस मौके पर युवा नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य गौरव पुंडीर के नेतृत्व में कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संजय किशोर, सुनील पुंडीर, इशिता, रमेश चंद्र आजाद, मेघसिंह, संग्राम सिंह आदि कई लोग मौजूद रहे।