HARIDWAR

पौड़ी से 87 पोलिंग पार्टियां हुई रवाना

पौड़ी

सोमवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई है। पौड़ी जिले की 6 विधानसभाओं के लिए शनिवार को 273 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। जिसमें से पौड़ी से 87 तो शेष कोटद्वार से रवाना की गई। शनिवार को कंडोलिया मैदान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी आरओ को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों को वितरित की जा रही ईवीएम मशीनों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बूथों में तैनात किए गए कर्मियों को पोलिंग बूथ पर जाते व वापस आते समय ईवीएम मशीन को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। कहा कि नियमित रूप से मास्क, सेनेटाइजर व कोविड-19 का पालन करे। कंडोलिया मैदान पौड़ी से विधानसभा चौबट्टाखाल, श्रीनगर व पौड़ी के लिए 87 व राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार से विधानसभा लैंसडाउन, कोटद्वार व यमकेश्वर के लिए 186 पोलिंग पार्टियां रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पोलिंग पार्टी का कोई भी सदस्य ईवीएम मशीन को छोड़कर नहीं जा सकता। ऐसे करने पर उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। कहा कि पोलिंग पार्टियों के लिए भोजन की पूरी व्यवस्था बूथ परिसर में ही भोजन माताओं द्वारा की जाएगी। कहा कि किसी पोलिंग पार्टी के सदस्य की अचानक तबीयत खराब हो जाती है तो वह तत्काल कंट्रोल रूम में संपर्क करें, जिससे वहां स्थानीय मेडिकल टीम पहुंच सकेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टी की अचानक गाड़ी खराब हो जाती है तो उसके लिए भी कंट्रोल रूम में संपर्क करें। कहा कि जिले के 50 फीसदी बूथों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर एसएसपी यशवंत सिंह चौहान ने बीएसएफ, पीएसी, पुलिसकर्मी, होमगार्ड व पीआरडी के जवानों को सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।