UTTARAKHAND

भाजपा विधायक ने 10 वर्ष में सहसपुर का विकास ठप किया: आर्येंद्र शर्मा 

विकासनगर

शनिवार को चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ जनसभाएं और जनसंपर्क कर लोगों से वोट मांगे। इस दौरान आयोजित सभाओं में कांग्रेस प्रत्याशी शर्मा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा विधायक ने सहसपुर का विकास पूरी तरह से ठप करके रखा हुआ है। कहा कि सहसपुर से लेकर पूरे उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार विफल रही है। महंगाई व बेरोजगारी को चरम पर पहुंचाने के अलावा कुछ भी कार्य नहीं किया गया।
सहसपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा ने आदूवाला, कुंजा, कुंजाग्रांट, शाहपुर कल्याणपुर, कुल्हाल, मटकमाजरी आदि क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दो बार लगातार विधायक रहे भाजपा के प्रत्याशी ने कोई विकास कार्य नहीं किये। एक भी कार्य किया होता तो आज एक नहीं चार चार राष्ट्रीय नेताओं को बुलाकर जनता को छलने व धोखा देने के लिए उनकी सभाएं नहीं कराते। कहा कि व्यक्ति का काम बोलता है। लेकिन काम तो कुछ किया नहीं अब फिर जनभावनाओं से खिलवाड़ कर झूठे वायदे कर रहे हैं। कहा कि सहसपुर से लेकर पूरे राज्यभर में महंगाई व बेरोजगारी की मार ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। कहा कि जनता बदलावा चाहती है। सहसपुर में परिवर्तन की लहर चल रही है। जिससे भाजपा प्रत्याशी व उसके नेता बौखला गये हैं और बयानबाजी कर जनता को बरगलाने के लिए लोगों की भावनाओं से खेल रहे हैं। लेकिन जनता अब भाजपा के झूठ, छल व प्रपंच को समझ चुकी है। जिसका करारा जवाब 14 फरवरी को जनता ईवीएम पर देगी।