HARIDWAR

ओपीडी बंद, आपातकालीन कक्ष में पहुंचे मरीज

चंबा

रविदास जयंती की छुट्टी होने की वजह से मेडिकल कॉलेज की सामान्य ओपीडी बंद रही। इसके चलते आपातकालीन कक्ष स्वास्थ्य जांच करवाने वाले मरीजों से भर गया। ओपीडी की तरह आपातकालीन कक्ष में मरीजों की लंबी कतार लग गई। गौरतलब है कि अपना चेकअप करवाने के लिए मरीज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचते थे। जब, उन्हें पता चला कि छुट्टी के चलते ओपीडी बंद है तो सभी मरीज आपातकालीन कक्ष पहुंच गए। कक्ष में ड्यूटी देने वाले चिकित्सक को इमरजेंसी में पहले से उपचाराधीन मरीजों के साथ सामान्य बीमारी वाले मरीजों की भी जांच करनी पड़ी।
हालांकि, आपातकालीन कक्ष केवल इमरजेंसी वाले मरीजों के लिए होता है, जहां दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों के साथ गंभीर रूप से बीमार मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं। लेकिन, बुधवार को छुट्टी होने के चलते मरीजों की भीड़ आपातकालीन कक्ष में पहुंच गई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि छुट्टी के चलते ओपीडी बंद रहती है। लेकिन, जब दूर दराज के मरीज जांच के लिए अस्पताल पहुंचे तो उनकी चिकित्सीय जांच के लिए आपातकालीन कक्ष में व्यवस्था की गई। इससे मरीजों को अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने में कोई परेशानी नहीं हुई।