फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन
ऋषिकेश
ढालवाला स्थित गत्ता फैक्ट्री में बुधवार को एक कर्मचारी मशीन की चपेट में आकर घायल हो गया। इससे कर्मचारियों का गुस्सा गुरुवार को भड़क गया। कर्मचारियों ने गेट के बाहर प्रदर्शन कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने प्रबंधन पर कर्मचारियों का शोषण करने का आरोप लगाया।
गुरुवार को ढालवाला स्थित एक गत्ता फैक्ट्री के कर्मचारी अचानक गेट के बाहर एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि बीते रोज मशीन पर काम करते समय एक कर्मचारी घायल हो गया। प्रबंधन ने उसकी सुध नहीं ली। यहीं नहीं कर्मचारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर कर्मचारियों का शोषण करने का आरोप भी लगाया। कहा कि छुट्टी लेने पर दो दिन का मानदेय काट लिया जाता है और कर्मचारियों से 12-12 घंटे लगातार काम लिया जा रहा है। इस दौरान फैक्ट्री प्रबंधन ने कर्मचारियों से वार्ता करने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। इस बीच पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। मामले की भनक लगने पर कई राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच सुलह कराने की कोशिश की गई। प्रदर्शन करने वालों में पूजा देवी, नीलम, शोभा, अमित कुमार, प्रवीन कुमार, अखिलेश, रविंद्र कुमार, विजय, संतोषी राणा, संजना शर्मा, रानी, नेहा, अजय, विमला सेमवाल, सरोजनी, राखी, कृष्णा, वरूण, विरेंद्र मोहन, सोनी, सुमित चौहान, अजीत, अर्जुनदास, अजय नेग आदि शामिल रहे।
दो के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से दो युवकों पर कर्मचारियों को भड़काने का आरोप लगाया गया। इस पर प्रबंधन ने उनके खिलाफ मुनिकीरेती थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं कोतवाल रितेश साह ने बताया कि मामले की जांच की जायेगी।
घायल कर्मचारी का एम्स में उपचार चल रहा है। उपचार के लिए प्रबंधन की ओर से हरसंभव मदद की जा रही है। जब तक कर्मचारी ठीक नहीं होता, उसे पूरा वेतन दिया जायेगा। कर्मचारियों से वार्ता करने की कोशिश की जा रही है। -एमके गोयल, फैक्ट्री संचालक

