UTTARAKHAND

86 लाख की लागत से विज्ञान धाम की सड़क का होगा चौड़ीकरण 

विकासनगर

झाझरा के बालाजी धाम से विज्ञान धाम की ओर जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण कार्य रविवार से शुरू हुआ। सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य शुरू कराया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को तय समय सीमा में गुणवत्तापरक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक पुंडीर ने कहा कि चौड़ीकरण के पहले चरण में 86.72 लाख की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कहा कि सड़कों से होकर ही विकास गुजरता है। ऐसे में सड़कों के निर्माण गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की पुरानी सड़कों के चौड़ीकरण और सुधारीकरण प्राथमिकता है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को शहरी सड़कों की तर्ज पर बनाया जाएगा, जिससे कि गांवों तक बेहतर यातायात की सुविधा मिल सके। कहा कि जल्द ही सेलाकुई-डूंगा-मसूरी मार्ग निर्माण को स्वीकृति दिलाई जाएगी, जिससे सहसपुर विधानसभा के पर्वतीय क्षेत्र पर्यटन हब के तौर पर विकसित हो सकें। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन और कृषि के माध्यम से रोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएंगे। सड़क चौड़ीकरण का काम करने वाली कार्यदायी संस्था को उन्होंने तय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि कार्य की समय सीमा बढ़ने से लागत बढ़ जाती है। जिससे अन्य विकास कार्य प्रभावित होते हैं। इस दौरान ग्राम प्रधान झाझरा पिंकी देवी, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल पुंडीर, सुखदेव फर्सवाण, कविता छेत्री, मंजू नेगी, यशपाल नेगी आदि मौजूद रहे।