HARIDWAR

मोबाइल लूटकर पीड़ित पर ही दर्ज करा दिया मुकदमा

हरिद्वार ——

हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट को अंजाम देने वाले शख्स ने पीड़ित के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने मामले की अच्छी तरह से छानबीन की तो हकीकत कुछ और ही निकली। फिलहाल, पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर निवासी सचिन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त गौरव राठी के साथ स्कूटी पर बहादराबाद से लौट रहा था। रास्ते में स्कूटी खड़ी कर दोनों लघु शंका करने लगे। दावा किया कि उसी दौरान एक युवक उनकी स्कूटी लेकर भाग गया और हड़बड़ाहट में उसका मोबाइल गिर गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ स्कूटी चोरी का मुकदमा दर्ज किया और मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की।
पड़ताल में पुलिस को पता चला कि जट बहादरपुर निवासी एक किशोर ने रविवार की रात एक स्कूटी पथरी थाने में जमा कराते हुए अपने साथ मोबाइल लूट की शिकायत की है। कनखल की पुलिस ने किशोर से सम्पर्क साधा तो पूरी कहानी ही बदल गई। स्कूटी चोरी की घटना फर्जी निकली।