UTTARAKHAND

ईवीएम और वीवीपैट का दूसरा रेंडमाइजेशन किया, 91 ईवीएम रिजर्व में

चम्पावत

चम्पावत विस में होने वाले उप चुनाव के लिए 91 ईवीएम को रिजर्व में रखा गया है। ये मशीनों की ट्रेकिंग जीपीएस के जरिए की जाएगी। ईवीएम और वीवीपैट के दूसरे रेंडमाइजेशन के दौरान डीएम ने ये जानकारी दी। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सामान्य प्रेक्षक अल्का श्रीवास्तव की मौजूदगी में ईवीएम और वीवीपैट का दूसरा रेंडमाइजेशन किया गया। रेंडमाइजेशन के दौरान ईवीएम बूथवार आवंटित की गई। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि 151 बूथों के लिए ईवीएम, बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट का आवंटन किया गया। उन्होंने बताया कि 91 ईवीएम को रिजर्व में रखा गया है। सुरक्षा के नजरिए से इन ईवीएम की ट्रेकिंग जीपीएस से की जाएगी। किसी बूथ की ईवीएम में खराबी आने पर तत्काल दूसरी मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा बूथ में तैनात किए जाने वाले माइक्रो आब्जर्वर का पहला रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान 93 अधिकारियों का डाटा कंप्यूटर में फीड किया गया। चुनाव के लिए रिजर्व समेत 28 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है। इन आब्जर्वर को 23 मई को प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेंडमाइजेशन में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, आरओ हिमांशु कफल्टिया, डीडीओ एसके पंत समेत तमाम पार्टियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।