योजना बनाकर काम करना जरूरी
रुड़की
विद्या भारती के गढ़वाल मंडल के नवीन प्रधानाचार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। संगठन मंत्री भुवन ने कहा कि किसी भी कार्य को करने से पहले उसकी योजना बनाना जरूरी है। उसके बाद क्रियान्वयन करना चाहिए। आनन्द स्वरुप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ प्रांत संगठन मंत्री विद्या भारती उत्तराखंड भुवन, नत्थीलाल बंगवाल, विनोद रावत, भगवती प्रसाद चमोला, भीमराज बिष्ट, मुरलीधर चंदोला, अमरदीप सिंह ने सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर किया। दून विवि की कुलपति डॉ. सुलेखा डंगवाल ने प्रशिक्षण वर्ग के सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का कार्यक्षेत्र चुनौतियों से भरा होता है। स्वामी विवेकानन्द, चाणक्य, द्रोणाचार्य आदि महापुरुषों ने कभी किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया। भारतीय संस्कृति को स्मरण रखते हुए तकनीकी शिक्षा का प्रसार होना आवश्यक है। संगठन मंत्री भुवन ने कहा कि किसी भी कार्य को करने से पहले उसकी योजना-रचना बनाना अत्यंत आवश्यक है। उसके बाद उसका क्रियान्वयन करना चाहिए। आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर के प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की रुचि को ध्यान में रखते हुए रचनात्मक, शैक्षिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन समय-समय पर होता रहना चाहिए। कहा हीरे को तराशने के बाद ही उसकी कीमत आंकी जा सकती है।

