NATIONAL

आईएमएफ की मुख्य अर्थशास्त्री , गीता ने की भारत की तारीफ

जिनेवा

कोरोना से जंग में भारत के प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष बेहद प्रभावित है। आईएमएफ की मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ ने सोमवार को कहा कि कोरोना वायरस से निपटने में भारत सबसे आगे रहा है। गोपीनाथ ने कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन विकास और उसे कई देशों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने के लिए भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना से जंग में भारत ने एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।
आईएमएफ की मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर डॉ हंसा मेहता व्याख्यान के दौरान भारत की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मैं यह भी जिक्र करना चाहूंगी कि टीका नीति के संबंध में भारत ने वास्तव में उल्लेखनीय कार्य किया है। जब आप देखेंगे कि दुनिया में वैक्सीन निर्माण का केंद्र कहां है, तो यह आपको भारत में मिलेगा। गोपीनाथ ने पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की तारीफ करते हुए कहा कि उसने दुनिया में टीके की सबसे ज्यादा खुराकें बनाईं हैं और दुनिया भर में उसे पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने भारत द्वारा बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार सहित अपने कई पड़ोसी देशों को मुफ्त प्रदान की गई वैक्सीन का जिक्र करते हुए कहा कि महामारी से लड़ने में भारत सबसे आगे रहा है। गोपीनाथ ने आगे कहा कि भारत अपनी टीकाकरण नीतियों से वैश्विक स्वास्थ्य संकट में दुनिया की मदद में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।