NATIONAL

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में लगी आग, मौके पर पहुंची दमकल की गाडियां

नई दिल्ली

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में आग लग गई है। इस आग की घटना की जानकारी होते ही मौके पर दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंच गई है। आग लगने से अस्पताल के आस-पास अफरा-तफरी का माहौल है। दिल्ली में इस साल आग लगने की घटना के कई मामले सामने आए हैं। सफदरजंग अस्पताल में लगी आग को लेकर दिल्ली अग्निशमन विभाग ने कहा कि अस्पताल में एक इन्वर्टर में आग लग गई थी और अब आग पर काबू पा लिया गया है। इसके साथ ही आज शुक्रवार को दिल्ली के गुरु अंगद नगर पूर्व के पास एक अस्पताल में भी आग लगी थी। इस घटना को लेकर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। इस घटना को लेकर अग्निशमन विभाग का कहना है कि अब आग पर काबू पा लिया गया है। दिल्ली में इस साल लगभग हर तीसरे आग की घटना की खबरे सामने आ रही है। दिल्ली के छतरपुर इलाके में गुरुवार को रसोई गैस सिलेंडर फटने से आग लगी थी जिससे तीन लोग घायल हो गए। इसके साथ ही दिल्ली के मुंडका में एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 26 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले बवाना में एक जूते की फैक्ट्री में भी आग लगी थी। दिल्ली फायर सर्विसेज के मुताबिक इस साल आग लगने की घटनाओं में 42 लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें से 27 लोगों की मुंडका में लगी आग में मौत हुई थी। इसके साथ ही दिल्ली में साल 2021 में मई के महीने में आग लगने की कुल 2174 घटनाएं सामने आईं थी और साल 2020 में इस समय में 2325 घटनाएं सामने आईं। वहीं इस साल मई महीने की शुरुआती 19 दिनों में आग लगने की 2145 कॉल फायर डिपार्टमेंट के पास आई हैं।