यूपी सरकार ने पेश किया दूसरे कार्यकाल का पहला छह लाख 15,518 हजार करोड़ का बजट
लखनऊ
यूपी के विधानमंडल के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के बाद आज गुरुवार को योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश किया। बजट पेश करने से पहले प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने आवास पर पूजा की। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर बजट को हरी झंडी दी गई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने करीब 11 बजे बजट को पटल पर रखा। उनके साथ वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधानसभा में बजट को पेश किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने छह लाख 15,518 हजार करोड़ का बजट पेश किया। इसके बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में बजट भाषण दिया। इस बजट के केन्द्र में भाजपा का लोक कल्याण संकल्प पत्र है। प्रदेश सरकार इस बजट से वर्ष 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव के लिए पुख्ता जमीन तैयार करने के प्रयास में हैं।
बजट पेश करने के दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान सरकार के इस द्वितीय कार्यकाल के पहले वित्तीय वर्ष 2022-2023 का बजट इस सम्मानित सदन के समक्ष प्रस्तुत करते हुये मैं प्रदेश की जनता का अभिनन्दन करना चाहूंगा, जिसने हमारी सरकार के पिछले कार्यकाल में किये गये जन कल्याण और विकासोन्मुखी कार्य को देखते हुये जाति धर्म और समुदाय के समीकरण को नकारकर उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को बनाये रखने के लिये भारतीय जनता पार्टी में विश्वास कायम रखते हुये हमें पुनरू सेवा का अवसर प्रदान किया है।
प्रदेश के इतिहास में ऐसा 37 वर्षों के बाद हुआ है जब किसी पार्टी को लगातार दो बार प्रदेश की जनता ने सरकार बनाने के लिये चुना हो। हमारी सरकार का वर्ष 2017-2018 से 2021-2022 का कार्यकाल हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में सफलताओं और प्रदेश के दीर्घकालिक व सतत् विकास की नीतियों के प्रतिपादन और निष्पादन का रहा है। हमने प्रदेश में कानून का राज कायम किया है। माफिया, गुडों तथा दंगाईयों के आतंक से जनसामान्य को राहत दिलायी है। प्रदेश में उद्योग धंधों को बढ़ावा दिया गया। इसके साथ ही आधुनिक तकनीकों के प्रयोग को शासन-प्रशासन और सामान्यजन के मध्य बढ़ावा दिया गया, अवस्थापना सुविधाओं में अभूतपूर्व विस्तार किया गया, चिकित्सा सुविधाओं विशेषकर कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी की चुनौती से निपटने और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम और इलाज के क्षेत्र में विश्वस्तरीय कीर्तिमान स्थापित किये गये।
खन्ना ने कहा कि पिछले दो वर्षों में पूरे विश्व और देश के साथ उत्तर प्रदेश में कोविड -19 जैसी वैश्विक महामारी का जिसके समक्ष विश्व की बड़ी शक्तितियां कहे जाने वाले देश बेबस और लाचार नजर आये की विभीषिका का प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कुशल मार्ग निर्देशन में बड़ी सूझबूझ और धैर्य के साथ सामना किया। प्रशासन तंत्र और हमारे देशवासी व प्रदेशवासी इस चुनौतीपूर्ण समय में कंधे से कंधा मिला कर खड़े रहे। ऐसी परिस्थितियों में ही नेतृत्व की परीक्षा होती है। यह कहने में अतिशयोक्ति नहीं होगी कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी ने अद्भुत नेतृत्व प्रदान किया जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गयी। मैं इन दोनों अप्रतिम नेताओं को यह पवितयों समर्पित करता हूं
